
सागर/ मनीष कुमार चौबे: पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत सागर में शुक्रवार सुबह विशाल जनजागरूकता रैली और मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। खेल परिसर सागर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, खेल विभाग के कर्मचारियों, प्रशिक्षुओं, कोच और आम नागरिकों समेत 500 से अधिक लोगों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज का संकल्प लिया।
मानव श्रृंखला बनाकर दिया नशामुक्ति का संदेश
कार्यक्रम का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी ने किया। सुबह करीब 7 बजे खेल परिसर में उप पुलिस अधीक्षक यातायात मयंक चौहान, रक्षित निरीक्षक, शहर के सभी थाना प्रभारी, रेडियो शाखा, फिंगर प्रिंट शाखा, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल सागर के स्टाफ, प्रशिक्षणरत आरक्षक, जिला पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य नागरिक एकत्र हुए।
सभी प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए मानव श्रृंखला बनाई। इसके बाद खेल परिसर से जनजागरूकता रैली निकाली गई, जो पीली कोठी और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस खेल परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
तख्तियां लेकर लोगों को किया जागरूक
यह भी पढ़े: https://brandwaani.in/supreme-court-seeks-cbse-reply-over-gulf-students-withheld-class-12-result/
रैली में शामिल लोगों ने हाथों में नशामुक्ति और जागरूकता संदेशों से जुड़ी तख्तियां लेकर नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।
पुलिस और आमजन की सहभागिता ने दिया बड़ा संदेश
कार्यक्रम में पुलिस और आमजन की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने यह संदेश दिया कि नशे के खिलाफ लड़ाई अब समाज के हर वर्ग का साझा अभियान बन चुकी है। जिला पुलिस सागर की ओर से आगामी दिनों में भी नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
- sagar-nasha-mukti-awareness-rally-human-chain-500-people










