
रतलाम/ नाहरू ख़ान: रतलाम जिले की बड़ावदा थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए वारदात के करीब 36 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह छह माह पुराने छेड़छाड़ के एक प्रकरण से जुड़ी रंजिश सामने आई है।
स्कूल के पास मिला था युवक का शव
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को हाटपिपलिया चौकी को सूचना मिली थी कि ग्राम सिंदुरकिया स्थित मिडिल स्कूल के पास बापूसिंह की पड़त भूमि पर एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान शहनवाज उर्फ साहिल पुत्र शहजाद शाह, निवासी सिंदुरकिया के रूप में की। घटनास्थल के निरीक्षण में धारदार हथियार से हत्या किए जाने के संकेत मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जावरा भेजा गया और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और साइबर साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही साइबर तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के लगभग 36 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद कर लिया।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब छह माह पहले मृतक पर आरोपी की कथित भाभी के साथ छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस के मुताबिक मृतक द्वारा उस घटना का गांव में बार बार उल्लेख किए जाने से आरोपी नाराज था। घटना वाले दिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से कई वार कर युवक की हत्या कर दी।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईश्वर उर्फ छोटू, पिता रामचन्द्र आद्रा, निवासी ग्राम सिंदुरकिया, थाना बड़ावदा, जिला रतलाम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में बड़ावदा थाना पुलिस, हाटपिपलिया चौकी, साइबर सेल तथा विशेष जांच टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़े: दतिया पुलिस को मिली डिजिटल ताकत:181 ई विवेचना टैबलेट वितरित
- badawada-police-blind-murder-case-solved-ratlam









