
सार
कुलदीप शर्मा|पिछोर/शिवपुरी। पिछोर को जिला बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग सोमवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने उठी। इस पर सिंधिया ने कहा, “समय से सब होगा, चिंता मत करो, मैं हूं ना।” उन्होंने क्षेत्र को पंजाब से भी आगे ले जाने की बात कही और स्वास्थ्य, बिजली, प्रशासन व सड़क से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
विस्तार
पिछोर। पिछोर को जिला बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती नजर आई। सोमवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की ओर से यह मांग उठाई गई।
मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंधिया ने कहा, “समय से सब होगा, चिंता मत करो, मैं हूं ना।” उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कुछ चीजें अपने पास भी रहने दो। अगर परिवार का मुखिया सब कुछ एक साथ दे देगा तो फिर मांगने और देने के लिए क्या बचेगा। सिंधिया ने क्षेत्र के विकास को लेकर कहा कि पिछोर को पंजाब से भी आगे ले जाना है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में मिली बड़ी सौगात
सिंधिया ने अछरौनी में करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया। बताया गया कि इसके माध्यम से चार उपस्वास्थ्य केंद्रों के जरिए करीब 20 गांवों की 30 हजार से अधिक आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
सिंधिया ने पिछोर में निर्माणाधीन 100 बिस्तरों के अस्पताल का भी उल्लेख किया और कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
ये भी पढ़े – कोलारस को 80 साल बाद मिला बस स्टैंड, अब शुरुआत का इंतजार; सिंधिया से थीम रोड और रेल सुविधाओं की मांग
बिजली व्यवस्था को मिले दो नए उपकेंद्र
क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को मजबूत करने के लिए चमरौआ में 1.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र और पिपरा में 1.46 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया गया।
इन उपकेंद्रों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने और किसानों सहित हजारों उपभोक्ताओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
बामौरकलां में उप तहसील भवन का लोकार्पण
प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार के तहत बामौरकलां में 1.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उप तहसील भवन का लोकार्पण किया गया।
बताया गया कि इससे करीब 70 गांवों के लोगों को राजस्व और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी और उन्हें दूर स्थित कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
6.47 करोड़ की सड़कों का भूमिपूजन
सिंधिया ने क्षेत्र में दो सड़क निर्माण परियोजनाओं का भूमिपूजन भी किया। धपौरा-तैरई सड़क के निर्माण पर करीब 3.17 करोड़ रुपये और भगारी-रामपुर-टपरन सड़क पर करीब 3.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
दोनों परियोजनाओं की कुल लागत करीब 6.47 करोड़ रुपये है। सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ किसानों, विद्यार्थियों और आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पिछोर विधायक ने गिनाईं विकास परियोजनाएं
पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने करीब 300 करोड़ रुपये की पिछोर-चंदेरी सड़क, 200 करोड़ रुपये की पिछोर-दिनारा हाईवे परियोजना, केंद्रीय विद्यालय, नहर परियोजना और रोजगार से जुड़े ‘मूंगफली प्रोजेक्ट’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास का सिलसिला लगातार आगे बढ़ रहा है।
विकास को लेकर सिंधिया का भरोसा
कार्यक्रम में सिंधिया ने क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछोर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर अर्पित वर्मा, एसपी यागचेंन डोलकर भूटिया सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ये भी पढ़े – सिंधिया ने खनियांधाना-बामौरकलां को दी करोड़ों की विकास सौगात, चार बड़े प्रोजेक्ट्स का किया लोकार्पण
- pichhore-district-demand-scindia-development-projects-shivpuri










