
सार
शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानी पीडीएस को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। राशन वितरण में अनियमितता और पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न नहीं मिलने की शिकायतों के बाद कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
बदरवास के बड़ोखरा में राशन वितरण को लेकर शिकायत सामने आने के बाद कलेक्टर खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी मौजूदगी में पात्र हितग्राहियों को राशन का वितरण कराया और मौके पर ही पूरी व्यवस्था की निगरानी की।
अधिकारियों को दिए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से राशन की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों को राशन लेने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने लंबित खाद्यान्न का जल्द से जल्द वितरण सुनिश्चित करने के साथ यह भी स्पष्ट किया कि पीडीएस व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
देहरदा सड़क की राशन दुकान का भी किया निरीक्षण
बड़ोखरा के बाद कलेक्टर ने देहरदा सड़क स्थित पीडीएस दुकान का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राशन की उपलब्धता, स्टॉक और वितरण व्यवस्था की स्थिति देखी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में संचालित सभी राशन दुकानों की नियमित निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि हितग्राहियों को उनके अधिकार के अनुसार खाद्यान्न उपलब्ध हो रहा है या नहीं।
सभी राशन दुकानों की होगी नियमित जांच
राशन वितरण व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों की पीडीएस दुकानों का नियमित और अनिवार्य निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दुकान में उपलब्ध स्टॉक, खाद्यान्न वितरण की स्थिति, पात्र हितग्राहियों को मिल रही सुविधाओं और पीओएस मशीन से संबंधित व्यवस्था की जांच करने को कहा गया है।
अनियमितता मिली तो होगी कठोर कार्रवाई
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ राशन उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी राशन दुकान पर स्टॉक में गड़बड़ी, कम राशन देने, वितरण में लापरवाही या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती का उद्देश्य पीडीएस व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाना और जरूरतमंद परिवारों को उनके हिस्से का खाद्यान्न समय पर उपलब्ध कराना है।
राशन लेते समय इन बातों का रखें ध्यान
कलेक्टर ने राशन कार्डधारियों से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राशन प्राप्त करते समय हितग्राही निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न की तौल जरूर कराएं। राशन पूरी मात्रा में प्राप्त होने के बाद ही पीओएस मशीन पर अपना अंगूठा लगाएं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी हितग्राही को राशन की मात्रा कम मिलती है, वितरण में किसी तरह की गड़बड़ी होती है या राशन लेने में परेशानी आती है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी जाए।
कलेक्टर की बड़ोखरा में मौजूदगी में राशन वितरण कराने की कार्रवाई से साफ है कि प्रशासन अब पीडीएस व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता को लेकर सीधे मौके पर कार्रवाई के मूड में है।
ये भी पढ़े – चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का रौद्र रूप, घर-दुकानें जलमग्न; बाढ़ से भारी नुकसान
- shivpuri-collector-arpit-verma-monitors-ration-distribution-in-badrokhara








