
सार
अक़ीब ख़ान|दमोह। शहर की सफाई, जलभराव और अन्य समस्याओं को लेकर व्यापारी महासंघ ने गुरुवार को घंटाघर पर नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे चले प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने घंटाघर के चारों ओर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी, जबकि केवल छात्रों को निकलने की अनुमति दी गई। व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष संजय यादव के नेतृत्व में तहसीलदार रॉबिन जैन को ज्ञापन सौंपकर गोल मार्केट की नालियों की सफाई, जल निकासी, अतिक्रमण हटाने, कचरा डंपिंग पॉइंट बंद करने और सार्वजनिक प्रसाधनों की व्यवस्था सुधारने सहित कई मांगें रखी गईं। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि 15 सितंबर तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
विस्तार
दमोह में गुरुवार दोपहर व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर व्यापारी महासंघ ने नगर पालिका के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। महासंघ के अध्यक्ष संजय यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी घंटाघर पहुंचे और नगर पालिका अध्यक्ष एवं सीएमओ का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने घंटाघर के चारों ओर बैरिकेडिंग और वाहन खड़े कर आवागमन रोक दिया। केवल छात्रों को वहां से निकलने की अनुमति दी गई, जबकि अन्य वाहनों को रोक दिया गया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन को देखते हुए कोतवाली पुलिस के साथ देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने तहसीलदार रॉबिन जैन को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि वे नगरपालिका के गोल मार्केट में दुकानें संचालित करते हैं और लंबे समय से सफाई तथा जलभराव की समस्या से परेशान हैं। व्यापारियों का कहना है कि इन समस्याओं के कारण उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। पूर्व में नगर पालिका को लिखित आवेदन देकर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन उनका निराकरण नहीं हुआ।
व्यापारियों ने मांग की कि राजा होटल से नगर पालिका अध्यक्ष की दुकान तक तथा कैलाश भंडार से नगर पालिका अध्यक्ष की दुकान तक पीछे की नाली की सफाई कराई जाए और वहां मौजूद अतिक्रमण को हटाया जाए। इसके अलावा नगर पालिका अध्यक्ष की दुकान के नीचे स्थायी रूप से बंद नाले को तत्काल खोलने की मांग भी की गई।
गोल मार्केट में शनिदेव मंदिर के सामने और पूरे मार्केट में जलभराव की समस्या को लेकर व्यापारियों ने कहा कि बारिश के दौरान पानी जमा होने से व्यापार प्रभावित होता है और कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। व्यापारियों ने स्थायी समाधान के लिए नाली निर्माण और पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।
ज्ञापन में टाउन हॉल के पीछे बनाए गए कचरा डंपिंग पॉइंट को लेकर भी नाराजगी जताई गई। व्यापारियों का कहना है कि पूरे मार्केट का कचरा यहां डाले जाने से बदबू और गंदगी की समस्या बनी रहती है और इससे बीमारी फैलने का खतरा रहता है। व्यापारियों के साथ-साथ मार्केट में आने वाले आम नागरिकों को भी परेशानी होती है। महासंघ ने इस डंपिंग पॉइंट को स्थायी रूप से बंद करने की मांग की है।
इसके अलावा गोल मार्केट में टाउन हॉल के सामने बने पुरुष एवं महिला प्रसाधनों को व्यवस्थित कराने की मांग भी की गई। व्यापारियों ने नियमित साफ-सफाई और प्रसाधनों के संचालन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी।
व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर व्यापारी लंबे समय से शिकायत कर रहे हैं। यदि 15 सितंबर तक मांगों पर सुनवाई और आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई, तो सभी व्यापारियों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। व्यापारियों ने प्रशासन से मांगों का जल्द निराकरण कर बाजार की मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की अपील की है।
- damoh-traders-federation-protest-nagar-palika-president-cmo-effigy-gol-market-demands










