
भारतीय स्टेट बैंक ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को लेकर ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इससे पहले 26 और 27 सितंबर को शनिवार-रविवार की छुट्टी है। ऐसे में शाखाओं में सामान्य कामकाज लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकता है। SBI ने ग्राहकों से जरूरी शाखा संबंधी काम पहले निपटाने और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम अगले सप्ताह है, तो उसे समय रहते निपटा लेना बेहतर रहेगा। 28 से 30 सितंबर 2026 तक यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का प्रस्ताव रखा है। इसे देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक ने अपने ग्राहकों को संभावित परेशानी से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की है।
लगातार पांच दिन प्रभावित हो सकता है बैंकिंग काम
प्रस्तावित हड़ताल से ठीक पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल रहेगी। यानी ग्राहकों को शाखाओं में सामान्य कामकाज के लिहाज से लगातार पांच दिनों का व्यवधान झेलना पड़ सकता है।
हालांकि, SBI ने कहा है कि हड़ताल के दौरान जरूरी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इसके बावजूद शाखा कर्मचारियों की प्रत्यक्ष सहायता वाले कुछ कामों में देरी हो सकती है।
SBI ने ग्राहकों से क्या कहा?
SBI ने ग्राहकों से अपील की है कि हड़ताल शुरू होने से पहले जरूरी बैंकिंग लेनदेन और शाखा से जुड़े काम पूरे कर लें। खासतौर पर ऐसे काम जिनके लिए बैंक शाखा में जाना या कर्मचारियों की मदद जरूरी है, उन्हें पहले निपटाने की सलाह दी गई है।
चेक क्लीयरेंस, दस्तावेज जमा करने और दूसरे कर्मचारी-निर्भर कार्यों पर हड़ताल का असर पड़ सकता है। इसलिए ऐसे कामों को आखिरी समय तक टालने से बचने की सलाह दी गई है।
ATM और डिजिटल बैंकिंग का करें इस्तेमाल
SBI ने हड़ताल की अवधि में ग्राहकों को वैकल्पिक बैंकिंग माध्यमों का उपयोग करने को कहा है। नकदी की जरूरत के लिए ATM और ADWM का इस्तेमाल किया जा सकता है। ग्राहक सेवा केंद्र भी उपलब्ध विकल्पों में शामिल हैं।
रोजमर्रा के लेनदेन, पैसे ट्रांसफर करने और बिल भुगतान जैसे कामों के लिए ग्राहक SBI YONO, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।
हड़ताल को लेकर आगे भी कार्यक्रम
UFBU की ओर से 11 सितंबर को भी एक दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल की जा चुकी है। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल का प्रस्ताव है। इसके अलावा यूनियनों ने 26 अक्टूबर से लगातार हड़ताल का प्रस्ताव भी रखा है।
ऐसे में SBI ने ग्राहकों से अपील की है कि प्रस्तावित हड़ताल के दौरान संभावित असुविधा को देखते हुए जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही पूरे कर लें और जरूरत के अनुसार डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करें।
- SBI-Bank-Strike-September-28-30-2026-Advisory-Five-Day-Bank-Closure








