
BJP ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारी और सह प्रभारियों की नई नियुक्तियां की हैं। हरियाणा की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को दी गई है। बुलंदशहर से सांसद और राष्ट्रीय सचिव डॉ. भोला सिंह को उनका सह प्रभारी बनाया गया है। वहीं हरियाणा से राज्यसभा सदस्य और राष्ट्रीय महासचिव संजय भाटिया को राजस्थान का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
स्मृति ईरानी बनीं हरियाणा की प्रभारी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने संगठनात्मक बदलाव के तहत हरियाणा समेत कई राज्यों के लिए नए प्रभारी नियुक्त किए हैं। स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़, दोनों राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हरियाणा में उनके साथ डॉ. भोला सिंह सह प्रभारी के तौर पर काम करेंगे। भोला सिंह राष्ट्रीय सचिव होने के साथ बुलंदशहर से सांसद भी हैं।
इससे पहले हरियाणा के प्रभारी की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महासचिव सतीश पूनिया संभाल रहे थे। नई नियुक्ति के बाद उन्हें पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। पूनिया जुलाई 2023 से हरियाणा के प्रभारी थे और उन्होंने 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान भी यह जिम्मेदारी संभाली थी।
संजय भाटिया को राजस्थान का जिम्मा
हरियाणा से राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संजय भाटिया को राजस्थान का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी की नई जिम्मेदारियों में भाटिया को एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक भूमिका मिली है।
अगस्त में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया था। अब राजस्थान का प्रभार मिलने के बाद उनकी संगठन में भूमिका और बढ़ गई है।
हरियाणा में पहले से महिला नेतृत्व
हरियाणा भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी डॉ. अर्चना गुप्ता के पास है। अब प्रदेश प्रभारी के पद पर भी स्मृति ईरानी की नियुक्ति हुई है। इस तरह प्रदेश संगठन के शीर्ष स्तर पर प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी, दोनों पदों पर महिला नेताओं की भूमिका है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने नई नियुक्तियों का स्वागत करते हुए स्मृति ईरानी के राष्ट्रीय राजनीति, सरकार और संगठन में अनुभव का उल्लेख किया। उन्होंने भोला सिंह के संगठनात्मक अनुभव को भी महत्वपूर्ण बताया।
कई राज्यों में बदले प्रभारी
भाजपा के इस संगठनात्मक फेरबदल में सिर्फ हरियाणा ही नहीं, बल्कि 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
प्रमुख नियुक्तियों में विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश, राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड, बैजयंत जय पांडा को महाराष्ट्र और सतीश पूनिया को पंजाब की जिम्मेदारी शामिल है। गुजरात का प्रभार तरुण चुग को दिया गया है।
मध्य प्रदेश का प्रभार त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को दिया गया है, जबकि सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी मिली है।
2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भी बदलाव
भाजपा के संगठनात्मक फेरबदल में उन राज्यों पर विशेष ध्यान दिखाई दे रहा है, जहां 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब, गुजरात, गोवा, हिमाचल प्रदेश और मणिपुर समेत कई राज्यों में अगले साल चुनाव होने हैं।
इन राज्यों में पार्टी ने अनुभवी नेताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी हैं। हालांकि हरियाणा में अगला विधानसभा चुनाव 2029 में होना है, लेकिन पार्टी ने यहां भी संगठनात्मक स्तर पर बदलाव किया है।
भाजपा की ओर से जारी नियुक्तियों के साथ नई जिम्मेदारियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। अब नए प्रभारी संबंधित राज्यों के संगठनात्मक कामकाज, केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश इकाइयों के बीच समन्वय तथा पार्टी कार्यक्रमों की निगरानी की भूमिका निभाएंगे।
- haryana-bjp-organisational-reshuffle-smriti-irani-sanjay-bhatia-new-roles








