
नमो भारत ट्रेन से नियमित सफर करने वाले यात्रियों के लिए NCRTC ने ‘ट्रिप पास’ सुविधा शुरू की है। इसके जरिए यात्री तय दो स्टेशनों के बीच कई यात्राओं के लिए पहले से भुगतान कर सकेंगे। इससे बार-बार टिकट खरीदने और NCMC कार्ड रिचार्ज कराने की जरूरत कम होगी। यात्रियों को लॉयल्टी प्रोग्राम के तहत 10 प्रतिशत तक की बचत का लाभ भी मिलेगा।
NCMC कार्ड यूजर्स के लिए ट्रिप पास
नमो भारत से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए NCRTC की नई सुविधा से रोज के आवागमन में सहूलियत बढ़ने वाली है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने NCMC कार्ड यूजर्स के लिए ट्रिप पास शुरू किया है। यह खासतौर पर उन यात्रियों के लिए तैयार किया गया है, जो हर दिन एक ही रूट और निश्चित स्टेशनों के बीच यात्रा करते हैं।
नए ट्रिप पास के जरिए यात्री एक बार में कई यात्राओं के लिए भुगतान कर सकते हैं। यानी हर सफर से पहले टिकट लेने या बार-बार कार्ड में पैसे डालने की जरूरत कम हो जाएगी। नमो भारत में रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं और इनमें बड़ी संख्या उन लोगों की है, जो नियमित रूप से एक तय स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक आते-जाते हैं।
सिर्फ तय स्टेशनों के बीच मान्य होगा पास
ट्रिप पास का इस्तेमाल केवल उन्हीं दो स्टेशनों के बीच किया जा सकेगा, जिनके लिए इसे खरीदा गया है। उदाहरण के तौर पर अगर किसी यात्री ने सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच का पास लिया है तो उसी रूट पर यात्रा करने पर पास से एक ट्रिप अपने आप कट जाएगी।
अगर यात्री पास में निर्धारित स्टेशन के बजाय किसी दूसरे स्टेशन से यात्रा शुरू करता है या अलग स्टेशन पर उतरता है, तो उस यात्रा का सामान्य किराया NCMC कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से लिया जाएगा।
एक दिन में कई बार कर सकते हैं इस्तेमाल
ट्रिप पास की खास बात यह है कि इसका इस्तेमाल एक दिन में एक से ज्यादा बार भी किया जा सकता है। इसलिए ऑफिस आने-जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों, व्यापारियों और दूसरे नियमित यात्रियों के लिए यह सुविधा उपयोगी हो सकती है।
यात्री अपनी जरूरत के हिसाब से 1, 2, 5, 10, 15, 20 और 40 ट्रिप वाले विकल्प चुन सकते हैं। अलग-अलग पास की वैधता भी अलग रखी गई है। 1 ट्रिप वाले पास की वैधता 15 दिन है, जबकि 2, 5 और 10 ट्रिप वाले पास 30 दिन तक वैध रहेंगे। 15 और 20 ट्रिप वाले पास की वैधता 60 दिन तथा 40 ट्रिप वाले पास की वैधता 90 दिन है।
10 प्रतिशत छूट का भी फायदा
नए सिस्टम में यात्रियों को सिर्फ समय की बचत ही नहीं, बल्कि किराये में बचत का लाभ भी मिल सकता है। NCRTC के अनुसार NCMC के लॉयल्टी प्रोग्राम के तहत नमो भारत में खर्च किए गए प्रत्येक रुपये पर एक लॉयल्टी प्वाइंट मिलता है। प्रत्येक प्वाइंट का मूल्य 10 पैसे है और 300 लॉयल्टी प्वाइंट को एक मुफ्त यात्रा के लिए रिडीम किया जा सकता है।
कहां से मिलेगा ट्रिप पास?
यात्री नमो भारत स्टेशनों पर ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन गेट के पास बने काउंटर या इलेक्ट्रॉनिक फेयर ऑफिस से ट्रिप पास खरीद सकते हैं। आगे के लिए पास में ट्रिप जोड़ने या टॉप-अप करने की सुविधा EFO और स्टेशन पर उपलब्ध टिकट वेंडिंग मशीनों के जरिए भी दी गई है।
रिफंड के नियम भी जान लें
हर ट्रिप पास पर रिफंड की सुविधा नहीं है। 1, 2, 5 और 10 ट्रिप वाले पास नॉन-रिफंडेबल हैं। वहीं 15, 20 और 40 ट्रिप वाले पास पर रिफंड लिया जा सकता है, लेकिन इसके लिए 200 रुपये प्रशासनिक शुल्क काटा जाएगा।
यह सुविधा स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों कोच के यात्रियों के लिए उपलब्ध है। नियमित यात्रियों के लिए इसका मकसद रोजाना टिकट खरीदने और कार्ड रिचार्ज करने में लगने वाले समय को कम करना है। खासकर सुबह-शाम के व्यस्त समय में यात्रियों को टिकट लेने के लिए बार-बार कतार में लगने से राहत मिल सकती है।
नमो भारत के तय रूट पर लगातार सफर करने वाले यात्रियों के लिए अब यात्रा से पहले ही कई ट्रिप का भुगतान करने का विकल्प उपलब्ध है। इससे रोज के आवागमन का खर्च और यात्रा की योजना पहले से तय करना भी आसान होगा।
- namo-bharat-trip-pass-launched-ncrtc-ncmc-users-benefits-validity-refund








