
बड़वानी।लकी दावड़े।ब्रांडवाणी। बड़वानी जिला मुख्यालय से महज 10 किलोमीटर दूर ग्राम रेहगुन से घटना सामने आई है, इस सनसनीखेज घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है, ग्राम रेहगुन के नैश मोहल्ले के कुछ युवकों के पुराने वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे है, जिनमें ये युवक अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर तलवार और चाकू लहराते नजर आ रहे हैं, और खुलेआम लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर फैला रहे आतंक
सोशल मीडिया पर पहले से ही हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाई जा रही थी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही इन युवकों का आतंक अब सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है, ताजा मामला तब सामने आया जब दिनदहाड़े तीन युवकों ने बड़वानी निवासी एक राहगीर को बीच सड़क पर रोक लिया और उसकी चार पहिया गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ कर दी, वीडियो में साफ देखा गया कि किस तरह से राहगीर के वाहन को युवकों ने क्षतिग्रस्त किया, साथ ही बदमाश चाकू लहराते हुए राहगीर को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और पूरी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते हैं।
पुलिस का खौफ खत्म ?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब आरोपी खुलेआम सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वीडियो डाल रहे तो क्या आरोपियों को पुलिस का खौफ नहीं है, वहीं फिलहाल राहगीर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी संजय पिता रामा सहित दो अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है, लेकिन अब भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
एसपी ने किया कड़ी कार्रवाई का दावा
मामले में जब एसपी पद्मविलोचन शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कल हुई घटना में कार में तोड़फोड़ और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया, और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने सभी पेरेंट्स से अपील भी की है कि बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट पर ध्यान रखें, और इस तरह के आपराधिक मामलों से दूर रखें।
- barwani-rehgun-youths-viral-video-weapon-threat-car-vandalism-police-case









