
सागर: केंट थाना पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जिला दंडाधिकारी द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद क्षेत्र में घूमने की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की। मिली जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को थाना केंट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर किया गया आरोपी फरहान उर्फ बिहारी पिता साविर मकरानी, उम्र 24 वर्ष, निवासी 12 मुहाल थाना केंट, सदर बाजार क्षेत्र में देखा गया है। आरोपी को जिला दंडाधिकारी सागर द्वारा 13 नवंबर 2025 को 8 माह के लिए जिला बदर किया गया था।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी केंट रोहित डोंगरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जिला बदर आदेश के उल्लंघन के मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला बदर और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़े – राहतगढ़ में 25 मई से 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को दिया आमंत्रण
- cant-police-arrested-jila-badar-order-violation-accused-sagar-sadar-bazar-case








