
छतरपुर। अमित अवस्थी| पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गोयरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 पेटी (90 लीटर) अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त प्लैटिना मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 85 हजार रुपये आंकी गई है।
नहर की पट्टी से कर रहे थे शराब तस्करी
पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि नहर की पट्टी के रास्ते अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना पर थाना गोयरा पुलिस ने तिलयानी तलैया तिराहा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध प्लैटिना मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 10 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने मौके से पुष्पराज पटेल और सत्यम विश्वकर्मा, दोनों निवासी ग्राम ठकुराइन पुरवा, थाना गोयरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने शराब के स्रोत की जानकारी दी, जिसके आधार पर बांदा (उत्तर प्रदेश) के नरैनी स्थित शराब दुकान के गद्दीदार को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। वह फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना गोयरा में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और एसडीओपी नवीन दुबे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह भी पढ़े: https://brandwaani.in/kranti-gaud-history-lords-test-inspires-girls-madhya-pradesh/
- chhatarpur-goyra-police-seize-illegal-liquor-two-smugglers-arrested








