
छतरपुर/राजनगर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे “जल गंगा संवर्धन अभियान 2026” को छतरपुर जिले में एक नई गति मिली है। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जिले में कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में व्यापक स्तर पर विभिन्न जल संरक्षण और जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत राजनगर और बिजावर विकासखंड के दर्जनों गांवों में जल स्रोत पूजन, भव्य गंगा आरती, पारंपरिक कलश यात्राओं और जल चौपालों के जरिए ग्रामीणों को पानी बचाने का संदेश दिया गया। इन कार्यक्रमों में स्थानीय महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने जीवन में जल संचयन को उतारने का दृढ़ संकल्प लिया।
अभियान के अंतर्गत म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा चयनित नवांकुर संस्था “रिसर्च इंडिया लोक कल्याण सोसायटी” के माध्यम से राजनगर विकासखंड के विक्रमपुर सेक्टर में विशेष आयोजन हुए। क्षेत्र के नदया, कर्री, बिरौना के मानपुरा, इमलिया, कुदरियापुरवा, राजनगर और बम्होरी बहादुर जू जैसे गांवों में “जल ही जीवन है, जल है तो कल है” के गगनभेदी नारों के साथ ढोल-नगाड़ों की थाप पर भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश रखकर ग्राम भ्रमण किया। इसके बाद क्षेत्र के ऐतिहासिक कुओं, तालाबों और वट वृक्षों का विधि-विधान से पूजन कर गंगा माता की महाआरती उतारी गई और उपस्थित जनसमुदाय को प्रसाद वितरित किया गया।
इसी कड़ी में चोड़ापुरवा नदया में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नवांकुर संस्था प्रतिनिधि भरत यादव, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के आराम सिंह, सचिव ओम प्रताप सिंह और शिक्षक स्वामीदीन पटेल सहित करीब 60 प्रतिभागियों ने भाग लेकर ग्रामीणों को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं, कर्री ग्राम पंचायत में श्रीराम लटोरिया, अंजू तिवारी और विमला तिवारी की उपस्थिति में महिलाओं ने जल संरक्षण की शपथ ली। बिरौना पंचायत के मानपुरा में पंचायत भवन से शुरू होकर पूरे गांव में जागरूकता रैली निकाली गई, जबकि इमलिया के शासकीय विद्यालय से कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। कुदरियापुरवा में ब्लॉक समन्वयक मनीष शर्मा की मौजूदगी में हुए जल स्रोत पूजन कार्यक्रम में रिकॉर्ड 90 से अधिक ग्रामीणों ने सहभागिता दर्ज कराई। राजनगर में थनेरा तालाब से गोकलन बाग तक निकाली गई भव्य कलश यात्रा में नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा सहित भारी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। इसके साथ ही बम्होरी बहादुर जू में ब्लॉक समन्वयक मनीष शर्मा और भरत यादव ने ग्रामीणों को जल प्रदूषण नियंत्रण के तकनीकी तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया।
राजनगर के साथ-साथ बिजावर विकासखंड के जटाशंकर सेक्टर के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत गुलाट, एरोरा, शाहगढ़ और खेराकला में भी इस अभियान का व्यापक असर देखा गया। खेराकला में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती गोरी बाई तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जिनकी अध्यक्षता में आयोजित जल चौपाल में लगभग 60 लोगों को पानी की एक-एक बूंद बचाने की शपथ दिलाई गई। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो के पास अकौना ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति और नगर विकास समिति द्वारा गंगा दशहरा के पावन पर्व पर एक भव्य दीपोत्सव और गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस दीपोत्सव कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों को जल संरक्षण और स्वच्छता की महत्ता समझाने के साथ-साथ शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और क्षेत्र में जल स्तर सुधारने के लिए स्थानीय प्रबुद्धजनों से सुझाव भी लिए गए। इन सभी आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज में प्राकृतिक जल स्रोतों के जीर्णोद्धार और उनके संरक्षण हेतु सामूहिक एवं जन-भागीदारी के प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।
ये भी पढ़े – खजुराहो: वेस्टर्न ग्रुप ऑफ टेम्पल्स में 27 मई को होगा योग महोत्सव 2026 का आयोजन
- chhatarpur-jal-ganga-samvardhan-abhiyan-rajnagar-bijawar-khajuraho









