
छतरपुर: जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम कोंडा में जमीनी विवाद को लेकर हिंसक घटना सामने आई है। विवाद के दौरान कथित रूप से गोलियां चलने से एक युवक घायल हो गया। घायल की पहचान मोतीलाल कुशवाहा के रूप में हुई है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल मोतीलाल कुशवाहा का आरोप है कि विवाद के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग ने उस पर तीन से चार राउंड फायर किए। फायरिंग के दौरान वह घायल हो गया, जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटनास्थल की जांच के साथ फायरिंग की परिस्थितियों और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। घायल के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। सभी पहलुओं की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मामले की विस्तृत जांच की बात कही है।
ये भी पढ़े – बाबा बागेश्वर के भाई शालिग्राम गर्ग पर छतरपुर में जमीनी विवाद में फायरिंग का गंभीर आरोप
- chhatarpur-konda-land-dispute-firing-youth-injured-shaligram-garg-accused









