
छतरपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छतरपुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को 3 किलो 520 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार, अवैध मादक पदार्थों के संग्रह, विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली थाना पुलिस को रोड पेट्रोलिंग के दौरान राजनगर रोड फोरलेन ब्रिज के पास गांजा तस्करी की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला पुलिस अधिकारी ने संदेही महिला के थैले की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान थैले से 3 किलो 520 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार महिला की पहचान गौरीबाई पटेल, निवासी ग्राम झमटुली, थाना बमीठा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। मामले की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह, ओरछा रोड थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपक यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








