
सार
मध्य प्रदेश के ब्यावरा निवासी 20 वर्षीय सुरेंद्र सिंह चौधरी, जिन्हें सोशल मीडिया पर ‘बिट्टू तबाही’ के नाम से जाना जाता है, ने प्रदूषित अजनार नदी की सफाई के लिए महीनों तक अकेले अभियान चलाकर लोगों का ध्यान खींचा। उनके प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित अपने आवास पर उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिट्टू ने अपने दृढ़ संकल्प से न केवल नदी की सफाई की, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि बदलाव के लिए हमेशा बड़ी भीड़ की जरूरत नहीं होती।
विस्तार
भोपाल। मध्य प्रदेश की प्रदूषित अजनार नदी को साफ करने के लिए अपने स्तर पर अभियान चलाने वाले सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ ‘बिट्टू तबाही’ अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के बाद एक बार फिर चर्चा में हैं। मुख्यमंत्री ने भोपाल स्थित अपने आवास पर बिट्टू से मुलाकात कर उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
ब्यावरा के रहने वाले बिट्टू ने अजनार नदी में जमा कचरे और गंदगी को देखकर इसकी सफाई का बीड़ा उठाया था। उन्होंने महीनों तक अपने स्तर पर नदी की सफाई की और इस अभियान से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा किए। उनके प्रयासों से नदी की स्थिति में आए बदलाव की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनीं।
ये भी पढ़े – 21 साल के ‘बिट्टू तबाही’ ने संभाला प्रदूषित नदी को साफ करने का बीड़ा, हाथों से सफाई कर बना मिसाल
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बिट्टू से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर उनकी पहल की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिट्टू ने अपने संकल्प और मजबूत इच्छाशक्ति के जरिए अजनार नदी की सफाई कर समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है। उनके मुताबिक सार्थक बदलाव के लिए हमेशा बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ आने की जरूरत नहीं होती, बल्कि एक ईमानदार पहल भी बदलाव की शुरुआत कर सकती है।
मुख्यमंत्री ने बिट्टू के प्रयास को जल गंगा संवर्धन अभियान की भावना से भी जोड़ा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अजनार नदी के लिए बिट्टू द्वारा किए गए काम से प्रदेश के अन्य युवा भी प्रेरित होंगे और अपने आसपास के जलस्रोतों के संरक्षण एवं सफाई की जिम्मेदारी उठाएंगे। मुख्यमंत्री ने बिट्टू से कहा कि पूरा प्रदेश उनके प्रयास पर गर्व करता है।
बिट्टू की पहल को मध्य प्रदेश से बाहर भी पहचान मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक नीदरलैंड स्थित गैर-लाभकारी संस्था The Ocean Cleanup के संस्थापक और CEO बॉयन स्लैट ने भी उनके नदी सफाई अभियान पर ध्यान दिया और उन्हें नौकरी की पेशकश की थी।
अजनार नदी की सफाई की यह पहल इस बात का उदाहरण बनकर सामने आई है कि स्थानीय स्तर पर एक व्यक्ति की पहल भी बड़े सामाजिक मुद्दे की ओर लोगों और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर सकती है। अब मुख्यमंत्री की ओर से मिली सार्वजनिक सराहना के बाद बिट्टू का अभियान प्रदेश में जलस्रोतों की सफाई और संरक्षण को लेकर युवाओं की भागीदारी के लिए प्रेरणा बनता दिखाई दे रहा है।
- cm-mohan-yadav-meets-bittu-tabahi-ajnar-river-cleaning-madhya-pradesh








