दमोह: संदिग्ध मौत के बाद सड़क पर फूटा गुस्सा, शव रखकर लगाया जाम; आटा चक्की संचालक पर मारपीट का आरोप

दमोह/आकिब खान । जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरी कनौरा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक के परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। परिजनों का आरोप है कि गांव के एक आटा चक्की संचालक और उसके साथियों द्वारा युवक के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय ब्रजेश यादव निवासी बरी कनौरा के रूप में हुई है। जाम की सूचना मिलते ही रजपुरा थाना पुलिस, आसपास के थानों का बल और पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी मौके पर पहुंचीं तथा परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

आटा चक्की पर विवाद के बाद हुई मारपीट का आरोप

मृतक के पिता सुखदेव यादव के अनुसार शुक्रवार दोपहर ब्रजेश यादव अपनी बेटी अंजलि के साथ गांव के ही देवा बंजारा की आटा चक्की पर गेहूं पिसाने गया था। आरोप है कि चप्पल पहनकर दुकान के अंदर जाने को लेकर देवा बंजारा ने ब्रजेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। परिजनों का कहना है कि जब ब्रजेश ने इसका विरोध किया तो देवा बंजारा ने तौलने वाले लोहे के बांट से उसकी नाक पर हमला कर दिया। इसके बाद वह अपनी बेटी के साथ घर लौट आया।

घर पहुंचकर फिर मारपीट करने का आरोप

परिजनों के मुताबिक कुछ समय बाद देवा बंजारा अपने 8 से 10 साथियों के साथ ब्रजेश के घर पहुंचा और उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं। सुखदेव यादव का कहना है कि घटना के बाद वे शिकायत लेकर रजपुरा थाने पहुंचे, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें वापस भेज दिया।

रात में हुई मौत, सुबह सड़क पर उतरे परिजन

परिजनों के अनुसार मारपीट में घायल ब्रजेश यादव की तबीयत रात में बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह करीब 10 बजे शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जाम के कारण दमोह-छतरपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। परिजनों का आरोप है कि मृतक के शरीर पर नाक, गले और कमर के पास चोट के निशान मौजूद हैं, जो मारपीट की ओर इशारा करते हैं।

जांच का आश्वासन, अधिकारी पहुंचे मौके पर

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि रजपुरा पुलिस, पथरिया एसडीओपी और बटियागढ़ नायब तहसीलदार को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया जा रहा है और मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी। प्रशासन द्वारा समझाइश के प्रयास जारी हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बरी कनौरा गांव में युवक की संदिग्ध मौत के बाद उठे सवालों ने पूरे क्षेत्र में चर्चा छेड़ दी है। परिजन इसे मारपीट से जुड़ा मामला बता रहे हैं, जबकि पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होने की बात कह रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और ग्रामीण निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 
 
  • damoh-brijesh-yadav-death-road-jam-case
  • Srota Swati Tripathy

    Srota Swati Tripathy

    Related Posts

    ऐचवाड़ा राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट में विवाद गहराया, पुजारी परिवार को गांव से निकालने और आभूषण नहीं सौंपने के आरोप

    शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: शिवपुरी के पोहरी क्षेत्र के ऐचवाड़ा…

    जमीनी विवाद में घर में घुसकर जानलेवा हमला और लूट का आरोप, SP से कार्रवाई की गुहार

    शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: शिवपुरी के बामौरकलां थाना क्षेत्र के…

    You Missed

    यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 6 देशों की कंपनियां, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में लगेगा कारोबार का बड़ा मंच

    यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 6 देशों की कंपनियां, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में लगेगा कारोबार का बड़ा मंच

    सेवा संकल्प बाइक राइडर्स से PM मोदी का संवाद, 35.42 लाख हितग्राहियों को मिले ₹212.57 करोड़

    सेवा संकल्प बाइक राइडर्स से PM मोदी का संवाद, 35.42 लाख हितग्राहियों को मिले ₹212.57 करोड़

    उज्जैन में 105 साल पुरानी परंपरा का भव्य नजारा, फूलडोल में दिखा शौर्य और कृष्ण लीला

    उज्जैन में 105 साल पुरानी परंपरा का भव्य नजारा, फूलडोल में दिखा शौर्य और कृष्ण लीला

    भोपाल में गरबा को लेकर सियासी घमासान, रामेश्वर शर्मा के बयान पर आरिफ मसूद का पलटवार

    भोपाल में गरबा को लेकर सियासी घमासान, रामेश्वर शर्मा के बयान पर आरिफ मसूद का पलटवार

    राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में PM मोदी की मिमिक्री पर विवाद, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना

    राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में PM मोदी की मिमिक्री पर विवाद, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना