
डबरा/ भरत रावत: दतिया विधानसभा उपचुनाव में कुंवर घनश्याम सिंह की जीत के बाद डबरा में उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों ने खुशी का इजहार किया। शहर के अग्रसेन चौराहे पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए, जहां आतिशबाजी की गई, ढोल नगाड़ों की थाप पर जश्न मनाया गया और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी गई। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा।
अग्रसेन चौराहे पर उमड़े समर्थक
जश्न में शामिल लोगों का कहना था कि वे व्यक्तिगत तौर पर कुंवर घनश्याम सिंह की जीत से खुश हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने विजय का स्वागत करते हुए मिठाइयां बांटी और खुशी जाहिर की। कार्यक्रम के दौरान किसी राजनीतिक दल के पदाधिकारी या कार्यकर्ता की औपचारिक मौजूदगी नहीं रही।
समर्थकों ने जताई अपनी प्रतिक्रिया
मीडिया से बातचीत में घनश्याम सिंह के समर्थक सुशील दुबे ने कहा कि वे किसी राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि कुंवर घनश्याम सिंह के व्यक्तिगत समर्थक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान प्रशासनिक दबाव का माहौल बनाने की कोशिश हुई, लेकिन जनता ने अपने मत से उसका जवाब दिया।
वहीं, समर्थक मनीष पांडा ने कहा कि दतिया की जनता ने अपना स्पष्ट जनादेश दिया है और यह जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने आमजन के साथ मिठाइयां बांटकर सभी को बधाई दी और कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है।
राजनीतिक पृष्ठभूमि भी रही चर्चा में
स्थानीय स्तर पर सुशील दुबे और मनीष पांडा को डबरा के पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थक के रूप में भी देखा जाता है। हालांकि, मीडिया से बातचीत के दौरान दोनों ने स्वयं को कुंवर घनश्याम सिंह का व्यक्तिगत समर्थक बताते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी।
यह भी पढ़े: खाद चोरी के दौरान विवाद में युवक की हत्या: 7 दिन बाद एक आरोपी गिरफ्तार








