
खरगोन/ अमित भटोरे: बरुड थाना क्षेत्र के ग्राम बरुड स्थित हरि मुक्तिधाम में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने सात दिन में खुलासा करने का दावा किया है। जांच में सामने आया कि सोसायटी से खाद चोरी की कोशिश के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
हरि मुक्तिधाम में मिला था युवक का शव
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को हरि मुक्तिधाम परिसर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा जिले के मरेहरा निवासी 36 वर्षीय धर्मेंद्र जाटव के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एफएसएल, साइबर सेल और सीसीटीवी की मदद से हुई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। एफएसएल, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की गई। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
पूछताछ में सामने आई वारदात की कहानी
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर ग्राम सिलोटिया निवासी विक्रम भुरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 24, 25 जुलाई की रात चारों आरोपी सोसायटी से खाद चोरी करने पहुंचे थे। हरि मुक्तिधाम के मुख्य गेट के पास बैठे युवक से उनका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कथित तौर पर पत्थरों और पेवर ब्लॉक से हमला कर दिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को श्मशान परिसर के अंदर घसीटकर छोड़ दिया गया और आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
एक आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी विक्रम भुरिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से लूट, चोरी और अवैध हथियार से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
नोट: हत्या की वारदात और आरोपियों की संलिप्तता संबंधी जानकारी पुलिस जांच और आरोपी से पूछताछ के आधार पर है। मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही तय होगा।
यह भी पढ़े: जैश मॉड्यूल पर STF की बड़ी कार्रवाई: हमीम मंडल के एक और सहयोगी को किया गिरफ्तार
- khargone-barud-murder-case-fertilizer-theft-accused-arrested








