
दतिया/संतोष चंसौलिया की रिपोर्ट : शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। ट्रैफिक प्रभारी सपना शर्मा के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों, सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने वालों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान की शुरुआत राजगढ़ चौराहे से हुई, जिसके बाद कार्रवाई पीतांबरा मंदिर तिराहा, टाउन हॉल और किला चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर की गई। इस दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों और अन्य लोगों को अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई। कई स्थानों पर सड़क पर गलत तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी हवा निकाली गई, ताकि दोबारा सार्वजनिक मार्गों पर अव्यवस्थित पार्किंग न की जाए।
ये भी पढ़े – उपचुनाव से पहले दतिया पुलिस का एक्शन, गुंडा परेड कर बदमाशों को दी सख्त चेतावनी
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले चालकों के चालान भी बनाए। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों की अनदेखी न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य लोगों के लिए भी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
ट्रैफिक प्रभारी सपना शर्मा ने अभियान के दौरान आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क पर अतिक्रमण न करें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी, वहीं लोगों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर विशेष अभियान भी संचालित किए जाएंगे।
- datia-traffic-police-crackdown-on-encroachment-and-traffic-rule-violators








