
देवास/गौरव व्यास की रिपोर्ट: शहर के व्यस्त एबी रोड पर जिला न्यायालय के सामने शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार निजी बस की लापरवाही के चलते सड़क हादसा हो गया। हादसे में स्कूटर से जा रहे दंपती को बस ने टक्कर मार दी, जिससे स्कूटर पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक और बस की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा जिला न्यायालय के सामने उस समय हुआ जब दंपती अपने स्कूटर से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही ‘मधुबाला’ बस (क्रमांक MP 04 PA 2619) ने स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटर सड़क पर गिर गया और महिला घायल हो गई, जबकि चालक बिना रुके बस लेकर मौके से भाग निकला।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल महिला की मदद की और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के दौरान पीड़ित पति ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया, जिससे पुलिस को आरोपी वाहन की पहचान करने में मदद मिली।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से फरार चालक की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि एबी रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। नागरिकों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने, गति सीमा लागू करने और नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
ये भी पढ़े – देवास पुलिस के अधिकारियों को मिली पदोन्नति, एसपी पुनीत गेहलोद ने दी बधाई; DSP, TI और RI पद पर मिली नई जिम्मेदारी
- dewas-speeding-bus-hits-scooter-couple-near-district-court-woman-injured-driver-absconds









