
सागर/मनीष कुमार चौबे की रिपोर्ट: इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट लेने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ का गृह क्षेत्र शाहगढ़ में भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। इंग्लैंड दौरे से लौटते ही खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और भारत माता के जयघोष के साथ अपनी लाडली बेटी का अभिनंदन किया। पूरे शाहगढ़ में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
क्रांति गौड़ सागर जिले की शाहगढ़ तहसील के छोटे से गांव लिधौरा की रहने वाली हैं। सीमित संसाधनों के बीच अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत करने वाली क्रांति ने कठिन मेहनत और अनुशासन के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाई और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उनकी इस उपलब्धि ने पूरे बुंदेलखंड को गर्व का अवसर दिया है।
हाल ही में इंग्लैंड दौरे के दौरान क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में क्रांति गौड़ ने अपनी तेज और सटीक गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान करते हुए कुल 7 विकेट झटके। उनके इस प्रदर्शन की देशभर में सराहना हुई और क्रिकेट विशेषज्ञों ने भी उनकी गेंदबाजी की जमकर तारीफ की।
शुक्रवार शाम जैसे ही क्रांति गौड़ शाहगढ़ पहुंचीं, बड़ी संख्या में लोग उनका स्वागत करने के लिए पहले से मौजूद थे। युवाओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला, महिलाओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि क्रांति की सफलता से यह साबित हो गया है कि छोटे गांवों से निकलने वाली प्रतिभाएं भी विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
स्वागत समारोह के दौरान मौजूद लोगों ने कहा कि क्रांति गौड़ आज पूरे बुंदेलखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि क्रांति भविष्य में भी भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करती रहेंगी और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
ये भी पढ़े – देवरी में पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में खाद संकट, बिजली कटौती और नशे के कारोबार पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
- kranti-gour-grand-welcome-in-shahgarh-after-7-wickets-at-lords-bundelkhand-pride











