
सागर/ मनीष कुमार चौबे: पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शुक्रवार को सागर के सर्किट हाउस क्रमांक-1 परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी, आईजी मिथिलेश शुक्ला, डीआईजी एस.एस. चौहान, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी तथा डीएफओ साउथ वरुण यादव सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी एक सशक्त माध्यम
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने आमजन से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। इस अवसर पर कमिश्नर अनिल सुचारी ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी एक सशक्त माध्यम है।
अभियान का उद्देश्य सफल
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि अभियान के तहत केवल पौधरोपण ही नहीं, बल्कि पौधों की सुरक्षा और उनके जीवित रहने की भी विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधे की नियमित निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा ताकि अभियान का उद्देश्य सफल हो सके।
100 से अधिक फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए
सर्किट हाउस परिसर में मिट्टी और स्थानीय जलवायु के अनुरूप 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इनमें फलदार पौधों में आम, अमरूद, कटहल और मुनगा, छायादार एवं इमारती पौधों में बादाम, शीशम और कंजी, जबकि सुगंधित एवं औषधीय प्रजातियों में चंपा और मधुकामिनी के पौधे शामिल रहे।
संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई तथा पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
विभागों के अधिकारी उपस्थित
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी साहित्य तिवारी, उप वनमंडलाधिकारी दक्षिण श्रीमती विनिता जाटव, लखन सिंह ठाकुर, भूपेश चौधरी और चन्द्रप्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: http://बुरहानपुर के सांदीपनि स्कूल की खुली पोल, पाठशाला में पढ़ाया जा रहा लापरवाही का पाठ
- ek-ped-maa-ke-naam-campaign-sagar-mass-tree-plantation












