
मोहित सोनी | गुना। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की पहल पर जिला चिकित्सालय स्थित डीईआईसी में बच्चों के लिए निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं निदान शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन और सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिवर के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 89 बच्चों की इको जांच की गई। इनमें से 32 बच्चों को हृदय सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया है।
89 बच्चों की हुई इको जांच
शिविर का शुभारंभ सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिवर ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। अरविंदो मेडिकल कॉलेज इंदौर के सहयोग से आयोजित शिविर में पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रशांत अग्रवाल ने बच्चों की जांच की।
जांच के दौरान 32 बच्चों को सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया। वहीं 23 बच्चों को आगामी 3 से 6 महीने तक मेडिकल मैनेजमेंट पर रखने का निर्णय लिया गया। गंभीर स्थिति वाले तीन बच्चों को बेहतर उपचार के लिए एसआरसीसी मुंबई रेफर किया गया है।
इसके अलावा पहले हृदय सर्जरी करा चुके 18 बच्चों का फॉलोअप किया गया। जांच में 10 बच्चों की इको रिपोर्ट सामान्य पाई गई।
यह भी पढ़े: MP Bus Fare: सुगम परिवहन सेवा के बाद भी महंगा सफर, 1 KM के ₹2 किराये पर उठे सवाल
RBSK और आयुष्मान योजना से होगी निःशुल्क सर्जरी
सर्जरी के लिए चिन्हित 32 बच्चों का उपचार अरविंदो मेडिकल कॉलेज इंदौर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) और आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क किए जाने की जानकारी दी गई है। RBSK का उद्देश्य बच्चों में विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान कर उपचार और फॉलोअप उपलब्ध कराना है।
जिला शीघ्र हस्तक्षेप प्रबंधक विनीता सोनी ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की समय पर पहचान करना और जरूरतमंद बच्चों को उचित उपचार उपलब्ध कराना है। समय पर जांच और विशेषज्ञ उपचार से कई जन्मजात स्वास्थ्य समस्याओं में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
शिविर को सफल बनाने में अरविंदो मेडिकल कॉलेज के बीएस राणा और सतीश मंडलोई के साथ आरबीएसके टीम तथा डीईआईसी स्टाफ का सहयोग रहा।
गुना में आयोजित इस शिविर के माध्यम से बच्चों के हृदय स्वास्थ्य की जांच के साथ गंभीर मामलों की पहचान की गई। 32 बच्चों को निःशुल्क सर्जरी के लिए चिन्हित किया जाना शिविर की प्रमुख उपलब्धि रही।
- guna-world-heart-day-89-children-echo-screening








