
ग्वालियर: जिले में एक मंदिर को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है, जहां मंदिर में रह रहे एक कथित बाबा पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामला भूस्वामी परिवार और बाबा के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, जो अब हिंसा तक पहुंच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना साई बाबा मंदिर के सामने स्थित एक अन्य मंदिर की है, जहां एक परिवार का कहना है कि उक्त कथित बाबा मंदिर परिसर में रहकर संदिग्ध गतिविधियां कर रहा था। जब परिवार ने इन गतिविधियों का विरोध किया और उसे रोकने की कोशिश की, तो विवाद और बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान बाबा, जिसकी पहचान रामगिरी के रूप में बताई जा रही है, ने मंदिर पर कब्जे की नीयत से भूस्वामी परिवार के धार्मिक प्रतीकों और पितरों से जुड़े बीजक को नुकसान पहुंचा दिया। परिवार का कहना है कि यह घटना उनके धार्मिक विश्वासों पर सीधा हमला है, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि जब संबंधित परिवार ने बाबा से पूछताछ करने की कोशिश की, तो उसने कथित तौर पर तलवार उठा ली और हमला करने की कोशिश की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई, जिसमें भूस्वामी परिवार के कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पड़ाव थाने में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपी कथित बाबा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने यह भी मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और बाबा के पिछले इतिहास की भी जांच की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सकें।
ये भी पढ़े – ग्वालियर में दिग्विजय सिंह का केंद्र सरकार पर हमला, NEET पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
- gwalior-temple-dispute-self-styled-baba-ramgiri-allegations-violence-investigation-demand










