
प्राप्त जानकारी के अनुसार एटीएस की टीम ने शाहबाज को गंगा घाट के पास से हिरासत में लिया। कार्रवाई इतनी गोपनीय और अचानक थी कि स्थानीय लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। युवक के परिजनों के अनुसार एटीएस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूछताछ के बाद उसे अपने साथ लेकर चले गए।
शाहबाज के पिता आसिफ हुसैन ने बताया कि उनका बेटा पहले महाराष्ट्र के पुणे शहर में अपने मामा के साथ रहकर शीशे और कांच से जुड़े कार्य में लगा हुआ था। करीब ढाई महीने पहले वह ईद के अवसर पर अपने गांव आया था और तभी से परिवार के साथ रह रहा था। परिवार का कहना है कि उन्हें इस कार्रवाई के कारणों की विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जांच एजेंसियों को इनपुट मिला था कि शाहबाज किसी सोशल मीडिया मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध हैंडलर या एजेंसी के संपर्क में हो सकता है। इसी आधार पर एटीएस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और न ही जांच एजेंसियों ने किसी आरोप की पुष्टि की है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां युवक के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और संपर्कों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल एटीएस द्वारा शाहबाज से पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
ये भी पढ़े – कासगंज: सोरों के नगला पटिया में पटाखा फैक्ट्री में अचानक भड़की आग; फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, बड़ा हादसा टला
- kasganj-youth-detained-by-ats-over-suspected-pakistan-linked-chat








