
सागर/ मनीष कुमार चौबे: हाल ही में क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से हुई एक व्यक्ति की मौत के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनियाँ चिखली में तड़ित चालक स्थापित किया गया है। विद्यालय प्रबंधन ने इसे भविष्य में बिजली गिरने जैसी घटनाओं से सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
जागरूकता एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित
तड़ित चालक स्थापित होने के बाद विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने छात्रों को बताया कि तड़ित चालक किस प्रकार आकाशीय बिजली को सुरक्षित रूप से अर्थिंग के माध्यम से जमीन में पहुंचाकर भवन और उसमें मौजूद लोगों की सुरक्षा करता है।
सुरक्षित भवन में शरण लेने की सलाह
कार्यक्रम में छात्रों को बिजली गिरने के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी गई। उन्हें खुले मैदान, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने तथा सुरक्षित भवन में शरण लेने की सलाह दी गई।
बेहतर ढंग से समझने का अवसर
विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर को विज्ञान शिक्षा से भी जोड़ा। भौतिकी विषय में पढ़ाए जाने वाले तड़ित चालक और स्थिर विद्युत के सिद्धांतों को विद्यार्थियों को व्यावहारिक रूप से समझाया गया। तांबे की छड़, अर्थिंग वायर और पूरी सुरक्षा प्रणाली का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया, जिससे छात्रों को विषय को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला।
सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित
ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए सभी शासकीय विद्यालयों और सार्वजनिक भवनों में इस प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: http://दमोह: पुलिस अभिरक्षा से फरार डॉक्टर गिरफ्तार, तीन पुलिसकर्मी पहले ही निलंबित
- kesli-government-school-lightning-arrester-installed









