
बुरहानपुर/ राजू सिंह राठौड़: बुरहानपुर जिले की खकनार पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरजिला शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी शाहरुख उर्फ शाहरुख खान के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.37 लाख रुपये बताई गई है।
मामलों में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और उसके खिलाफ बुरहानपुर, हरदा एवं खंडवा जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या, लूट, लूट के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस को कई मामलों में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
अभियान आगे भी लगातार जारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध हथियारों की तस्करी, निर्माण और बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। खकनार पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध और अवैध हथियारों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
- KHKNAR POLICE ARRESTS INTER-DISTRICT CRIMINAL WITH ILLEGAL PISTOL








