
लखनऊ: तीन दिवसीय “राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026” का भव्य समापन हुआ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के मार्गदर्शन में “मेरा युवा भारत (MY Bharat)” द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों से चयनित 375 युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने केंद्रीय बजट 2026 और “विकसित भारत 2047” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए और देश के भविष्य के लिए व्यापक रोडमैप साझा किया। रोजगार, स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास जैसे मुद्दों पर युवाओं ने अपनी राय रखी।
ये भी पढ़े – उत्तर प्रदेश में लेखपाल भर्ती का बड़ा ऐलान, 7,994 पदों पर निकली वैकेंसी; 29 दिसंबर से आवेदन शुरू
समापन सत्र में मुख्य अतिथि राज्यसभा उप सभापति एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए इसे “आत्मशक्ति के जागरण का पर्व” बताया। उन्होंने कहा कि जागरूक और सक्षम युवा ही विकसित भारत की नींव रखेंगे। राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम में युवाओं ने विधानसभा मंच पर 3 मिनट के निर्धारित समय में अपने विचार रखे, जिनमें गांव से लेकर राष्ट्रीय और वैश्विक दृष्टि तक की झलक देखने को मिली। पहली बार विधानसभा में बोलने पहुंचे कई प्रतिभागियों ने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव बताया।
इस कार्यक्रम के लिए प्रतिभागियों का चयन माय भारत प्लेटफॉर्म के माध्यम से जिला युवा संसदों के जरिए किया गया था। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राज्य स्तरीय मंच तक पहुंचाया गया। प्रतियोगिता में जालौन के अंकित कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया, बलिया की शिप्रा सिंह द्वितीय और कानपुर नगर की रश्मि रंजन साहू तृतीय स्थान पर रहीं। ये सभी अब राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में होने वाली युवा संसद में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सहित कई मंत्री और विधायक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन को लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और भविष्य की नेतृत्व क्षमता का मजबूत संकेत माना जा रहा है।
ये भी पढ़े – यूपी में सड़क निर्माण और मरम्मत पर योगी सरकार सख्त, लापरवाही पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट
- lucknow-viksit-bharat-youth-parliament-2026-conclusion-up-youth-vision








