
भरत रावत|ग्वालियर जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में खेत में लगा करीब 70 हजार रुपये कीमत का बिजली ट्रांसफार्मर चोरी होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत से ट्रांसफार्मर ले गए चोर
पुलिस के अनुसार, फरियादी उदयभान सिंह रावत निवासी ग्राम बड़ी अकवई ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी कृषि भूमि के पास नहर किनारे लगा ट्रांसफार्मर क्रमांक 166515 2 जुलाई की रात से 3 जुलाई की दोपहर के बीच अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। चोरी गए ट्रांसफार्मर की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज
पिछोर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 131/26 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र से सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।
ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जैसी भारी वस्तु को चोरी करने के लिए पर्याप्त संसाधनों और कई लोगों की जरूरत होती है। ऐसे में बिना किसी की नजर में आए वारदात को अंजाम देना कई सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
- pichhore-power-transformer-theft-police-investigation-gwalior-rural









