
आदि मिश्रा | भोपाल में UCC के खिलाफ असदुद्दीन ओवैसी की सभा के बाद बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने उनके बयानों पर पलटवार किया। शर्मा ने UCC को लेकर सरकार के रुख का समर्थन किया और ओवैसी पर तीखी टिप्पणी की।
ओवैसी के बयान पर रामेश्वर शर्मा का पलटवार
असदुद्दीन ओवैसी के भोपाल में UCC विरोधी सभा को संबोधित करने के बाद बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने उनके बयानों पर प्रतिक्रिया दी। शर्मा ने ओवैसी के भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि यदि वह वकील हैं तो उनके भाषण को सुनें और जरूरत हो तो अदालत का रुख करें। उन्होंने ओवैसी पर तीखी और आपत्तिजनक भाषा में टिप्पणी भी की।
मिसाइल से जुड़े विवाद पर शर्मा ने कहा कि भारत की सेना और वैज्ञानिकों की क्षमता किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान में सैन्य कार्रवाई का हवाला देते हुए कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने में सक्षम है। शर्मा ने कहा कि जहां भी आतंकवादी या भारत विरोधी कैंप होंगे, वहां भारत की मिसाइल तैयार है।
यह भी पढ़े: भोपाल पहुंचे ओवैसी, UCC के खिलाफ जनसभा में बोले- धार्मिक पहचान और स्वतंत्रता खत्म नहीं की जा सकती
UCC पर बोले- लागू होकर रहेगा
UCC को लेकर रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सभी दल हिंदुओं से वोट मांगते हैं, तो हिंदू कानून को लेकर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अपने भाषण में बहुविवाह और परिवार नियोजन को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि UCC के बाद मौजूदा व्यवस्था में बदलाव होगा।
शर्मा ने दावा किया कि केंद्र सरकार की घोषणा के अनुसार 2029 तक 21 राज्यों में UCC लागू किया जाएगा। उन्होंने मध्य प्रदेश में भी UCC लागू होने की बात कही और इसे डॉ. बीआर आंबेडकर की संवैधानिक भावना के अनुरूप बताया। UCC को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दलों और नेताओं के बीच मतभेद बने हुए हैं।
मिसाइल बयान को लेकर पहले भी हुआ था विवाद
रामेश्वर शर्मा का काजी कैंप पर मिसाइल से जुड़ा बयान पहले भी विवाद का विषय बन चुका है। एक कार्यक्रम के दौरान उनके बयान का वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने करोंद चौराहे से काजी कैंप पर मिसाइल गिराने की बात कही थी। बाद में शर्मा ने स्पष्ट किया था कि उनका संदर्भ भोपाल के काजी कैंप से नहीं, बल्कि इस्लामाबाद के काजी कैंप से था।
इसी बयान को लेकर ओवैसी ने भोपाल की UCC विरोधी सभा में शर्मा को चुनौती दी थी। उन्होंने मंच से काजी कैंप पर मिसाइल गिराने के बयान का जिक्र करते हुए शर्मा से ऐसा करके दिखाने को कहा। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी और तेज हो गई।
भोपाल में UCC को लेकर शुरू हुई राजनीतिक बहस अब ओवैसी और रामेश्वर शर्मा के बयानों तक पहुंच गई है। एक ओर ओवैसी ने UCC को लेकर संवैधानिक और धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े सवाल उठाए, वहीं शर्मा ने UCC लागू करने के पक्ष में सरकार के रुख का समर्थन किया। मिसाइल वाले पुराने बयान पर दोनों नेताओं की ताजा बयानबाजी ने विवाद को और चर्चा में ला दिया है।
- rameshwar-sharma-reply-owaisi-ucc-bhopal








