
रतलाम: मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर संचालित 15 दिवसीय “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के तहत रतलाम जिले में साइबर सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के 13वें दिन 6 जुलाई को “साइबर पोर्टल जागरूकता दिवस” के रूप में मनाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्कूलों, कॉलेजों तथा सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर नागरिकों और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। लोगों को संचार साथी पोर्टल, CEIR, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल NCRP, MRM पोर्टल तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जागरूक किया गया।
साइबर ठगी में तुरंत शिकायत करने की सलाह
पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को होल्ड कर वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है। साथ ही गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को संचार साथी एवं CEIR पोर्टल के माध्यम से ब्लॉक कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
ताल में विद्यार्थियों को दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ
थाना ताल क्षेत्र के श्री महावीर जैन विद्या मंदिर में आयोजित कार्यशाला में उपनिरीक्षक रवीन्द्र कुमार मालवीय एवं आरक्षक पवन परमार ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, OTP फ्रॉड, फिशिंग, हैकिंग, डेटा चोरी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, संदिग्ध फाइल और लोन फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध PDF या फाइल डाउनलोड न करें तथा OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की शपथ दिलाई गई। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवि कुमार सोनी ने कार्यक्रम का संचालन एवं आभार व्यक्त किया।
आलोट में छात्राओं को सोशल मीडिया सुरक्षा की जानकारी
थाना आलोट अंतर्गत कन्याशाला आलोट में उपनिरीक्षक मनोज पाटीदार ने छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, OTP धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए। साथ ही किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
जावरा में महिला सुरक्षा पर भी दिया विशेष जोर
थाना जावरा शहर के कमला नेहरू कन्या शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उपनिरीक्षक शशिकला चौहान ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित सोशल मीडिया उपयोग तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले ऑनलाइन अपराधों की जानकारी दी। उन्होंने साइबर शोषण की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने और हेल्पलाइन का उपयोग करने की सलाह दी।
सैलाना और बाजना में पोर्टलों की दी जानकारी
थाना सैलाना में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश ने आम नागरिकों को NCRP एवं MRM पोर्टल की उपयोगिता समझाई। वहीं थाना बाजना में उपनिरीक्षक रामसिंह खपेड़ ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, हेल्पलाइन 1930 तथा MRM पोर्टल के माध्यम से होल्ड राशि वापस प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
7 जुलाई को होगी साइबर जागरूकता मैराथन
अभियान के तहत 7 जुलाई 2026 को जिलेभर में साइबर जागरूकता मैराथन आयोजित की जाएगी। जिला मुख्यालय रतलाम में यह मैराथन सुबह 7 बजे पोलो ग्राउंड से प्रारंभ होगी। मैराथन के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा। रतलाम पुलिस ने विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में शामिल होकर साइबर सुरक्षित समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की है।
रतलाम पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग पूरी सतर्कता के साथ करें। किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें। यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराएं।
ये भी पढ़े – रतलाम: वृक्षारोपण के साथ संगठन ने तय की भावी कार्ययोजना
- ratlam-safe-click-2-0-cyber-awareness-drive-cyber-portal-day-marathon-july-7











