
रतलाम/नेहरू खान की रिपोर्ट: जिले के सैलाना थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। फिलहाल आरोपी से अन्य चोरी और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
खाद लेने आया किसान, लौटने पर गायब मिली बाइक
पुलिस के अनुसार, फरियादी ग्राम गोवर्धनपुरा का निवासी है और खेती व मजदूरी का कार्य करता है। 11 जुलाई 2026 को वह अपनी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-43-ZM-2366) से खाद खरीदने सैलाना आया था। सुबह करीब 11 बजे उसने अपनी मोटरसाइकिल घंटाघर गेट के पास खड़ी की और खाद लेने चला गया। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। आसपास काफी तलाश के बावजूद वाहन का पता नहीं चला, जिसके बाद उसने सैलाना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ये भी पढ़े – रतलाम एसपी कार्यालय में जनसुनवाई, 65 आवेदकों की शिकायतें सुनीं; त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सैलाना श्रीमती नीलम बघेल के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति पिपलोदा फंटा स्थित देशी शराब दुकान के पीछे चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ईश्वर पिता हुरजी भगोरा (25 वर्ष), निवासी ग्राम मोरझर, थाना सरवन, जिला रतलाम बताया।
झाड़ियों से बरामद हुई चोरी की बाइक
थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सैलाना के घंटाघर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने केदारेश्वर घाटा, सरवन रोड के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी अन्य वाहन चोरी या आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश, उपनिरीक्षक शिवनाथ सिंह राठौर, उपनिरीक्षक शंकर सिंह शक्तावत, प्रधान आरक्षक मनीष कुमार ओझा, महिला आरक्षक टीना सिसोदिया, प्रधान आरक्षक अभिषेक पाठक, आरक्षक तूफान भूरिया, राजू निनामा, अर्जुन मकवाना, यशपाल धनगर, दिनेश पाटीदार एवं आनंद सिंह भाटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़े – रतलाम में ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान का शुभारंभ, 15 दिनों तक जिलेभर में चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
- ratlam-sailana-police-arrest-bike-thief-recover-stolen-hero-splendor-motorcycle








