
सार
रीवा/ अरविंद तिवारी: जिले के तराई अंचल में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली कफ सिरप से लोड एक ब्लैक स्कॉर्पियो पकड़ी है। अतरैला थाना पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान 1320 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की है। जब्त सिरप की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 66 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली है।
विस्तार
पुलिस के मुताबिक, अतरैला थाना क्षेत्र में नशीली दवाओं की तस्करी को लेकर मुखबिर से सूचना मिली थी। बताया गया कि एक ब्लैक स्कॉर्पियो में बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप लेकर तस्कर तराई क्षेत्र के रास्ते रीवा की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई और घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो पुलिस के हत्थे चढ़ गई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप मिली।
पुलिस ने स्कॉर्पियो से कुल 1320 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की। इसकी कीमत करीब 2 लाख 66 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से वाहन सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमकार सिंह राठौड़ और लखन यादव, निवासी नौरोजाबाद, उमरिया के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, नशे की यह खेप उत्तर प्रदेश से रीवा लाई जा रही थी। लगातार बारिश, बाढ़ और जलभराव के कारण तस्करों ने अपना सामान्य रास्ता छोड़कर तराई क्षेत्र के रास्ते रीवा पहुंचने की कोशिश की थी।
तस्करों को उम्मीद थी कि बदले हुए रास्ते से वे पुलिस की नजर से बच निकलेंगे, लेकिन मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते उनकी योजना कामयाब नहीं हो सकी।
तस्करों ने रास्ता जरूर बदला, लेकिन पुलिस की निगरानी से बच नहीं सके। अतरैला पुलिस ने समय रहते घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया और नशे की बड़ी खेप को रीवा पहुंचने से पहले ही जब्त कर लिया।
कार्रवाई के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप कहां से लाई गई थी और इसे रीवा में किसे सप्लाई किया जाना था।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूछताछ के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े मुख्य सप्लायर और अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश से नशीली कफ सिरप की खेप कहां से रवाना हुई थी और रीवा पहुंचने के बाद इसे किन-किन इलाकों में खपाया जाना था।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
- rewa-atraila-police-seizes-1320-bottles-illegal-cough-syrup-two-arrested








