
रीवा: विंध्य क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। रीवा स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने 6 वर्षीय बच्ची का जटिल हृदय ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर नया इतिहास रच दिया। यह विंध्य क्षेत्र के सरकारी चिकित्सा संस्थानों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
पन्ना जिले की रहने वाली 6 साल की बच्ची लंबे समय से गंभीर हृदय रोग से पीड़ित थी। उसके दिल में 6 एमएम का छेद था, जिसके कारण उसे सांस लेने में परेशानी होती थी और वजन भी नहीं बढ़ रहा था। स्थानीय चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रीवा रेफर किया था।
रीवा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची Pentalogy of Fallot नामक गंभीर हृदय बीमारी से ग्रसित है। समय पर ऑपरेशन नहीं होने पर उसकी जान को खतरा हो सकता था।इसके बाद वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस. के. त्रिपाठी और उनकी टीम ने जटिल सर्जरी कर बच्ची के दिल का छेद सफलतापूर्वक बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि विंध्य क्षेत्र के किसी सरकारी अस्पताल में इस तकनीक से किया गया यह पहला सफल ऑपरेशन है।
सफल सर्जरी के बाद बच्ची स्वस्थ है और परिजनों ने डॉक्टरों की टीम का आभार जताया है। इस उपलब्धि ने यह साबित किया है कि अब रीवा में भी मेट्रो शहरों जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
ये भी पढ़े – उमरिया की जोहिला कॉलरी पर कोयले में मिट्टी मिलाने का आरोप, करोड़ों के घोटाले की शिकायत केंद्र तक पहुंची
- rewa-super-speciality-hospital-successful-child-heart-surgery-vindhya










