
सागर/मनीष कुमार चौबे की रिपोर्ट: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बहेरिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मारुति ब्रेजा कार से 243 लीटर अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शराब और कार सहित लगभग 6.35 लाख रुपये का माल जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बहेरिया थाना प्रभारी उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम सागर-बंडा रोड स्थित टोल प्लाजा के पास नियमित वाहन चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मारुति ब्रेजा कार (एमपी 15 सीबी 5064) वहां से गुजरती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली तो कार की पिछली सीट और डिक्की में बड़ी मात्रा में शराब रखी मिली। तलाशी के दौरान पुलिस ने कार से प्लेन सफेद शराब और सागर गोल्ड व्हिस्की की कुल 27 पेटियां बरामद कीं। इन पेटियों में कुल 243 लीटर शराब भरी हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.35 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने जब कार सवारों से शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा तो वे कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सके।
ये भी पढ़े – सागर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, शाहगढ़ पुलिस ने 3000 लीटर लहान नष्ट किया
पुलिस ने मौके से कार में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान साहिल यादव (22 वर्ष), पिता गोलू यादव, निवासी किसानी मोहल्ला, बंडा तथा अरविंद यादव, पिता अमृतलाल यादव, निवासी वार्ड क्रमांक-14, बंडा के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों से शराब के परिवहन और उसके गंतव्य के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। बहेरिया पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 1.35 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब और लगभग 5 लाख रुपये मूल्य की मारुति ब्रेजा कार जब्त कर ली है। इस प्रकार कुल लगभग 6.35 लाख रुपये का माल पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है, ताकि अवैध शराब तस्करी में संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक श्रीधर अहिरवार, प्रधान आरक्षक विश्वनाथ मिश्रा, आरक्षक नरेंद्र रावत, आरक्षक देवराजेंद्र सोनी तथा आरक्षक बबलू पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में अवैध शराब या अन्य किसी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े – सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान में 9 आरोपी गिरफ्तार
- sagar-baheriya-police-seize-illegal-liquor-brezza-car-two-arrested








