
सागर।मनीष कुमार चौबे| जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सागर पुलिस ने व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में 700 से अधिक पुलिसकर्मी रातभर मैदान में सक्रिय रहे। अभियान के दौरान वारंटियों और फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ गुंडा एवं हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग की गई।
पुलिस अधीक्षक ने खुद की मॉनिटरिंग
अभियान की शुरुआत कटरा बाजार में पुलिस बल की ब्रीफिंग से हुई। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्रवाई की रणनीति के संबंध में निर्देश दिए। देहात क्षेत्र के पुलिस बल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए निर्देश देकर रवाना किया गया।
इसके बाद शहर से लेकर ग्रामीण थाना क्षेत्रों तक पुलिस टीमों ने चिन्हित अपराधियों, वारंटियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के ठिकानों पर दबिश दी। एसपी ने पूरी रात कार्रवाई की मॉनिटरिंग की और अधिकारियों से लगातार फीडबैक लिया।
330 से ज्यादा वारंटियों और आरोपियों पर कार्रवाई
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 112 स्थाई वारंट और 200 गिरफ्तारी वारंट की तामीली एवं गिरफ्तारी की। इसके अलावा धारा 170 BNSS के तहत 12 कार्रवाई, 9 अन्य फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और 9 अवैध शराब के प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस ने 213 गुंडा एवं हिस्ट्रीशीटरों की भी चेकिंग की। अभियान में कुल 339 प्रमुख वैधानिक कार्रवाइयां किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
अपराधियों में मचा हड़कंप
रातभर चले इस व्यापक अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने चिन्हित अपराधियों के घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से लंबे समय से फरार वारंटियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। पुलिस ने गुंडा और हिस्ट्रीशीटरों की वर्तमान गतिविधियों का भी सत्यापन किया।
पुलिस अधीक्षक ने दिया सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि जिले की शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि फरार वारंटियों, अपराधियों और असामाजिक तत्वों को कानून की पकड़ से बचने नहीं दिया जाएगा। पुलिस की ऐसी योजनाबद्ध और व्यापक कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
यह भी पढ़े: मध्य प्रदेश में एनालॉग पनीर पर रोक, सीएम मोहन यादव का बड़ा फैसला
- sagar-police-combing-operation-700-personnel-339-legal-actions-against-criminals








