
सागर: बड़तूमा क्षेत्र में निर्माणाधीन संत रविदास मंदिर परिसर का बुधवार को कलेक्टर प्रतिभा पाल ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में बन रहे ऑडिटोरियम, आधुनिक संग्रहालय, भक्त निवास और डॉरमेट्री सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। कलेक्टर ने मंदिर के मॉडल का भी अवलोकन किया और निर्माण एजेंसी से तकनीकी जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
करीब 101 करोड़ रुपये की लागत से 11 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस भव्य परिसर को आस्था, संस्कृति और सामाजिक चेतना का केंद्र बनाने की तैयारी की जा रही है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि यह मंदिर और संग्रहालय देश-दुनिया के लोगों को भारत की महान संत परंपरा और संत शिरोमणि रविदास जी के जीवन दर्शन से परिचित कराने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास के जीवन मूल्यों, समानता और ईश्वर के प्रति समर्पण के संदेश को इस परिसर के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विशेष रूप से संग्रहालय और ऑडिटोरियम भवन का अवलोकन किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि संग्रहालय में संत रविदास के जीवन से जुड़े प्रसंगों को आधुनिक डिजिटल तकनीक और दृश्य-श्रव्य संसाधनों की मदद से प्रस्तुत किया जाएगा। कलेक्टर ने आंतरिक साज-सज्जा, लाइटिंग और सुविधाओं को लेकर आवश्यक सुझाव देते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर में हवा, उजाले और श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए।
मंदिर का निर्माण पारंपरिक नागर शैली में किया जा रहा है। खास बात यह है कि 66 फीट ऊंचे इस मंदिर के निर्माण में लोहे का उपयोग नहीं किया जा रहा है। मंदिर को बंसीपहाड़पुर के लाल पत्थरों से तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि गर्भगृह, अंतराल मंडप और अर्धमंडप का फाउंडेशन सड़क स्तर से करीब पांच फीट ऊंचा बनाया गया है तथा नक्काशीदार पत्थरों के 72 स्तंभ स्थापित किए जा चुके हैं, जिन पर मंदिर का ऊपरी ढांचा तैयार किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक केवी, एसडीएम अमन मिश्रा, निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आगामी बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए जलभराव रोकने एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
ये भी पढ़े – सागर में प्रेस क्लब का प्रदर्शन चेतावनी: जनसंपर्क कार्यालय में वर्षों से अटैच शिक्षक की जांच की मांग
- sagar-sant-ravidas-temple-construction-collector-inspection









