
भोपाल। आदि मिश्रा | मध्य प्रदेश में बढ़ते सरकारी कर्ज को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार पर प्रदेश को आर्थिक संकट की ओर ले जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक के माध्यम से 3,600 करोड़ रुपये का नया कर्ज लिया है, जिसके बाद प्रदेश पर कुल कर्ज 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
कर्ज को लेकर सरकार पर सवाल
जीतू पटवारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सरकार अब तक 12,800 करोड़ रुपये की उधारी ले चुकी है, जबकि पूरे वर्ष में 78,500 करोड़ रुपये तक कर्ज लेने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि लगातार बढ़ रहे कर्ज का लाभ आम जनता को क्यों दिखाई नहीं दे रहा।
किसान, रोजगार और शिक्षा का मुद्दा उठाया
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि किसान खाद और सिंचाई की समस्याओं से जूझ रहे हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार विकास के दावे कर रही है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर उसका असर नजर नहीं आ रहा।
श्वेत पत्र जारी करने की मांग
जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार की आय का बड़ा हिस्सा अब कर्ज के ब्याज के भुगतान में खर्च हो रहा है। उन्होंने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने, अब तक लिए गए कर्ज का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने और कर्ज की राशि कहां खर्च हुई, इसकी जानकारी जनता के सामने रखने की मांग की है।
- sardar-sarovar-dispute-jitu-patwari-targets-mohan-yadav-government








