
सिंगरौली: कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कलेक्टर गौरव बैनल ने स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को मिलकर जिले में चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष शिविर आयोजित कर सभी बच्चों को टीका लगाया जाए और उनके माता-पिता को इसके फायदों के बारे में बताया जाए।
बैठक में टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की गई और कलेक्टर ने धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुसार काम करने के निर्देश दिए।इसके अलावा, रबी उपार्जन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की उपार्जन समितियों की बैठक आयोजित करने और उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर पर्याप्त बारदाना उपलब्ध रहे और गर्मी को देखते हुए किसानों के लिए छाया और पेयजल की व्यवस्था की जाए।
ये भी पढ़े – सिंगरौली जिला: पिपरा झांपी पंचायत में सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताओं का आरोप
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को आगामी अक्षय तृतीया के दौरान बाल विवाह रोकथाम के लिए विशेष दल गठित करने और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही वर-वधु की आयु संबंधी दस्तावेजों की अनिवार्य जांच करने को कहा।बैठक में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिला आपूर्ति अधिकारी को गैस एजेंसियों में स्टॉक और वितरण प्रणाली की नियमित निगरानी करने तथा प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कालाबाजारी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इसके अलावा, नगर निगम को पीएनजी गैस पाइपलाइन विस्तार कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने और नए उपभोक्ताओं को कनेक्शन देने के लिए प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और डीपीसी को नए शैक्षणिक सत्र में सभी विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तक वितरण सुनिश्चित करने तथा 15 अप्रैल तक बिजली विहीन स्कूलों में विद्युतीकरण का कार्य पूरा करने को कहा। वहीं पीएचई विभाग को ऐसे स्कूलों और छात्रावासों की पहचान कर पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच के लिए दल गठित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध हो सके।बैठक में जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े – सिंगरौली में ‘भविष्य से छात्र’ कार्यक्रम: शिक्षा की ओर एक प्रेरणादायक कदम
- singrauli-collector-directs-hpv-vaccination-target-completion









