
शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम NH 46 पर एक यात्री टैक्सी हादसे का शिकार हो गई। नई तहसील बदरवास के सामने पीछे से आ रहे एक ट्रक ने टैक्सी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टैक्सी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में टैक्सी में सवार पांच यात्री घायल हो गए, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
टैक्सी सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी
जानकारी के अनुसार, टैक्सी यात्रियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान NH 46 पर नई तहसील बदरवास के सामने पीछे से आ रहे ट्रक ने टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैक्सी सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी।
टैक्सी में फंसे घायलों को बाहर निकाला
हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने टैक्सी में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए बदरवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार
हादसे में बिजरौनी निवासी जगन्नाथ जाटव (50), सजाई निवासी अमरनाथ कुशवाह (42), तुड्यावत निवासी खुशी यादव (18), नई निवासी जुगल किशोर ओझा (63) और भंवरलाल वाल्मीकि (50) घायल हुए हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया।
टैक्सी को गड्ढे से बाहर निकाला
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त यात्री टैक्सी गहरे गड्ढे में फंस गई थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जेसीबी मशीन बुलाकर टैक्सी को गड्ढे से बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़ें:http://पेपर लीक पर मोदी सरकार का बड़ा बयान: आरोपियों के खिलाफ सख्त कानून की तैयारी
वहीं, घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बदरवास पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और फरार वाहन चालक की पहचान के लिए जांच कर रही है।
- Truck Hits Passenger Taxi from Behind, Five Injured in Shivpuri








