
भोपाल: ट्विशा शर्मा की रहस्यमयी मौत का मामला अब बेहद सनसनीखेज मोड़ ले चुका है। इस हाई-प्रोफाइल केस में अब एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसने पुलिस और प्रशासनिक तंत्र की नींद उड़ा दी है। मौत के ठीक पहले ट्विशा द्वारा अपनी बेहद करीबी दोस्त मीनाक्षी को इंस्टाग्राम पर भेजा गया आखिरी मैसेज सामने आया है। इस चैट में ट्विशा ने लिखा था, “मैं फंस गई हूं, यार… बस तू मत फंसना। ज्यादा बात नहीं कर सकती… सही समय आने पर कॉल करूंगी।” हालांकि, वह कॉल कभी नहीं आया और इसके कुछ ही देर बाद 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई को अपने ससुराल में मृत पाई गईं।
मेडिकल रिपोर्ट्स के हवाले से सामने आया है कि ट्विशा दो महीने की गर्भवती (प्रेग्नेंट) थीं। ट्विशा की दोस्त मीनाक्षी ने इस आखिरी चैट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया है, जिसमें मीनाक्षी ने जवाब में लिखा था, “मुझे तुम्हारी चिंता है तुकटुक (ट्विशा का घरेलू नाम)… मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं, और हमेशा तुम्हारे साथ हूं।” इस चैट के सार्वजनिक होने के बाद से सोशल मीडिया पर भी न्याय की मांग तेज हो गई है।
‘ये लोग बहुत घटिया हैं. शक करते हैं‘ – इस बीच ट्विशा और उसकी मां के बीच हुई आखिरी व्हाट्सएप चैट भी ब्रांणवाणी न्यूज को हाथ लगी. द्विशा मां के बात करते हुए वह काफी परेशान दिख रही है. इसमें ट्विशा ने अपने ससुराल वालों को लेकर कई गंभीर बातें लिखीं और पति पर चरित्र पर शंका करने जैसे आरोप लगाए.
मुख्यमंत्री निवास के बाहर परिजनों का प्रदर्शन
ट्विशा की संदिग्ध मौत के बाद से ही उनका परिवार लगातार आरोप लगा रहा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी कूटनीतिक साजिश है। परिजनों का दावा है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को ससुराल में गंभीर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना (टॉर्चर) झेलनी पड़ रही थी। मामले ने उस समय राजनीतिक और प्रशासनिक तूल पकड़ लिया, जब न्याय की मांग को लेकर ट्विशा के पीड़ित परिवार ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। परिवार ने साफ शब्दों में कहा है कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलेगा और उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वे ट्विशा का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। परिजनों ने मृतका के शरीर पर चोट के गंभीर निशान होने का दावा करते हुए पूरे मामले का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
द्विशा के पिता ने लगाए लोकायुक्त पर गंभीर आरोप
द्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और जांच की दिशा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस द्वारा एफआईआर FIR दर्ज करने में जानबूझकर देरी की गई और मुख्य आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पिता का आरोप है कि इस पूरे मामले को जल्दबाजी में आत्महत्या का रूप देने का प्रशासनिक प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सीधे तौर पर प्रशासनिक तंत्र में बैठे उच्च अधिकारियों पर जांच को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपियों का बैकग्राउंड इतना रसूखदार और हाई-प्रोफाइल है कि स्थानीय स्तर पर पीड़ित पक्ष का केस लड़ने के लिए कोई वकील तक तैयार नहीं हो रहा है। उन्होंने सीधे तौर पर लोकायुक्त सत्येंद्र सिंह का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाया कि उनका परिवार इस पूरे मामले से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है और उनके करीबी लोग ऊंचे प्रशासनिक पदों पर आसीन हैं, जिसके कारण निष्पक्ष जांच में बाधा आ रही है।
क्या था पूरा मामला
पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर द्विशा की मौत वाले दिन यानी 12 मई का पूरा घटनाक्रम बेहद रहस्यमयी और संदिग्ध नजर आ रहा है। उस दिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक ट्विशा एक ब्यूटी पार्लर में थीं। वहां से लौटने के बाद उन्होंने पति समर्थ के साथ बैठकर टीवी देखा और फिर रात करीब 9:45 बजे तक दोनों ने साथ में खाना खाया। खाना खाने के बाद दोनों अपने-अपने अलग कमरों में सोने चले गए, क्योंकि दोनों घर में अलग-अलग कमरों का इस्तेमाल करते थे।
इसके कुछ ही देर बाद, रात 10:05 बजे ट्विशा ने अपनी मां रेखा शर्मा को फोन लगाया और बेहद घबराए हुए लहजे में कहा कि “मैं बुरी तरह फंस गई हूं।” बेटी की यह बात सुनकर चिंतित मां ने तुरंत ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह को फोन किया और बताया कि ‘टुकटुक’ (ट्विशा का घरेलू नाम) फोन पर बहुत रो रही है, आप तुरंत जाकर उसे देखिए। इसके बाद जब सास ऊपरी मंजिल पर बने शेड में पहुंचीं, तो रात करीब 10:20 बजे ट्विशा संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी हुई मिलीं।
समर्थ और द्विशा की डेटिंग ऐप हुई थी मुलाकात
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली मॉडल और एक्टर्स ट्विशा शर्मा की शादी महज 5 महीने पहले, 12 दिसंबर 2025 को भोपाल के रहने वाले समर्थ सिंह के साथ हुई थी। इन दोनों की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी, जिसके बाद यह रिश्ता प्रेम विवाह में बदला और ट्विशा भोपाल आकर रहने लगीं। ट्विशा की मां रेखा शर्मा जोकि पेशे से एक रिटायर्ड जज हैं, उन्होंने दामाद समर्थ और उसके परिवार पर दहेज उत्पीड़न और सुनियोजित हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए इसे खुदकुशी मानने से साफ इनकार किया है। इसके विपरीत बचाव में उतरी ट्विशा की सास का दावा है कि उनकी बहू ड्रग एडिक्ट (नशे की आदी) थी। फिलहाल, भोपाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों कॉल डिटेल्स और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हर संभावित एंगल से इस मामले की कड़ाई से तफ्तीश कर रही है।
ये भी पढ़े – ‘जनभागीदारी – सबसे दूर सबसे पहले’ अभियान के तहत भानपुर केकड़िया में लगेंगे हितग्राही शिविर
- twisha-sharma-case-bhopal-influencer-last-instagram-chat-with-friend-leaked











