
रतलाम: जिले में अवैध शराब के परिवहन और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रतलाम पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना आलोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब से भरी एक बिना नंबर की महिंद्रा बोलेरो पिकअप को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 177 पेटी अवैध शराब, एक पिकअप वाहन सहित लगभग 10.32 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई की शुरुआत 5 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हुई। सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर की महिंद्रा बोलेरो पिकअप में बड़ी मात्रा में अवैध शराब भरकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम खामरिया के बाहर रीछा मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार शुरू किया। कुछ देर बाद पुलिस को संदिग्ध पिकअप दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और आलोट की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और कुम्हार नाका, आलोट पर घेराबंदी कर उसे रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
ये भी पढ़े – रतलाम में मानसून से पहले बस संचालकों की बैठक, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन चालक प्रधान सिंह पिता विक्रम सिंह सोंधिया राजपूत (26 वर्ष), निवासी रणायरा पीर, थाना झार्डा, जिला उज्जैन को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका साथी जसपाल सिंह पिता मोकम सिंह सोंधिया राजपूत, निवासी फतेहगढ़, चौकी पिपलोन, थाना आगर, जिला आगर मालवा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जब्त वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने 110 पेटी देशी प्लेन शराब और 67 पेटी बीयर बरामद की। इसके अलावा शराब की तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी जब्त कर ली गई। जब्त शराब और वाहन सहित कुल मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 32 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी और उसके फरार साथी के विरुद्ध थाना आलोट में अपराध क्रमांक 364/2026 के तहत मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी, इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, सहायक उपनिरीक्षक मोहन भाटी, प्रधान आरक्षक कृष्णपाल सिंह परिहार, आरक्षक ईश्वर सिंह, अभिनंदन, दीपक पाटीदार, लोकेन्द्र शर्मा, आरक्षक चालक अनिल कुमार तथा आरक्षक थामस भाभर की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही। रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- रतलाम में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 177 पेटी शराब और पिकअप वाहन जब्त; एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा फरार








