
नर्मदापुरम। जिले के शोभापुर ग्राम के होनहार युवा अभिज्ञान पुरोहित ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की परीक्षा में ऑल इंडिया दूसरी रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन ‘साइंटिस्ट (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग)’ के पद पर हुआ है, जो जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
अभिज्ञान की शुरुआती पढ़ाई नवोदय विद्यालय पावरखेड़ा में हुई। पढ़ाई के दौरान उड़ीसा स्थित एक अंतरिक्ष केंद्र के शैक्षणिक भ्रमण ने उनके मन में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति गहरी रुचि जगाई। इसी अनुभव ने उन्हें वैज्ञानिक बनने के लिए प्रेरित किया। उनकी सफलता के पीछे परिवार का भी अहम योगदान रहा। पिता राजेश पुरोहित और माता पियूष पुरोहित, दोनों ही शिक्षक हैं, जिन्होंने शुरुआत से ही उन्हें मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया। अभिज्ञान ने कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
अपनी उपलब्धि पर अभिज्ञान ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि वे इसरो में काम करते हुए ऐसे नवाचार करना चाहते हैं, जो देश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बना सकें। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर देश के शीर्ष वैज्ञानिक संस्थान तक पहुंचना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। क्षेत्रीय विधायक ने भी उन्हें फोन कर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अभिज्ञान की इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे शोभापुर गांव और नर्मदापुरम जिले में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है, जो यह दिखाती है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
ब्यूरो रिपोर्ट: दुर्गेश भट्टयह भी पढ़े: नर्मदापुरम में दर्दनाक हादसा: एक ही टक्कर में पांच की मौत, छह घायल
- abhigyan-purohit-of-narmadapuram-selected-in-isro-all-india-second-rank










