
बुरहानपुर: कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल ने थाना शिकारपुरा में विवेचकों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि अब किसी भी तरह की लापरवाही या अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश के मार्गदर्शन में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की गई। सीएसपी ने जुआ-सट्टा, अवैध शराब और गौवंश तस्करी जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
ये भी पढ़े – बुरहानपुर में भीषण आग से 40 एकड़ फसल राख, लाखों का नुकसान
इसके साथ ही लंबित मामलों के त्वरित निपटारे, संपत्ति संबंधी अपराधों पर रोक और चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। आदतन अपराधियों पर नजर रखते हुए उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए शांति समिति और नगर सुरक्षा समिति की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने की बात कही गई। साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत लापता नाबालिगों की तलाश को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समंस-वारंट की समय पर तामिली, सीसीटीएनएस रिकॉर्ड अपडेट और लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस बैठक के बाद साफ संकेत है कि बुरहानपुर पुलिस अब अपराधियों पर सख्त रुख अपनाने के मूड में है।
ये भी पढ़े – बुरहानपुर में जन आक्रोश महिला सम्मेलन, अर्चना चिटनिस ने कांग्रेस पर साधा निशाना; महिला आरक्षण पर उठाए सवाल
- Police Crime Review Meeting in Burhanpur










