
लखनऊ: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में ‘मेरा युवा भारत’ (MYBharat) उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 के दूसरे दिन 180 युवा वक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रत्येक प्रतिभागी को तीन मिनट का समय दिया गया, जिसमें युवाओं ने राष्ट्र निर्माण, विकास और नीतिगत मुद्दों पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का विषय “केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर युवाओं के मार्ग को सुदृढ़ बनाना” रखा गया। इस दौरान युवाओं ने रोजगार, स्टार्टअप इकोसिस्टम, डिजिटल इंडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, हरित अर्थव्यवस्था और स्किल डेवलपमेंट जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।
प्रदेश के 75 जनपदों से चयनित प्रतिभागियों ने जिला स्तरीय युवा संसद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतिभागियों के भाषणों में जमीनी समझ, राष्ट्रीय दृष्टिकोण और वैश्विक सोच का समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम का एक विशेष पहलू यह भी रहा कि कई प्रतिभागी पहली बार उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे। युवाओं ने इसे लोकतंत्र को करीब से समझने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण उत्तर प्रदेश विधानसभा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया गया।
निर्णायक मंडल में विधायक शशांक वर्मा, डॉ. सुरभि और डॉ. नीरज बोरा शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों का मूल्यांकन करते हुए संसदीय प्रक्रिया, नेतृत्व कौशल और तर्क प्रस्तुति पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में MYBharat उत्तर प्रदेश के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
- lucknow-viksit-bharat-yuva-sansad-2026-second-day-180-speakers











