
ग्वालियर: हजीरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपाल नगर गदाईपुरा में पुराने पैसों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक्टिवा सवार बदमाशों ने घर के बाहर अवैध कट्टे से फायरिंग कर दहशत फैला दी। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़ित राहुल पटेल ने हजीरा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि हर्षवर्धन कोरी उर्फ चीकू और सूरज गुर्जर ने पैसों के विवाद को लेकर उनके घर पर फायरिंग की। शिकायत के अनुसार स्कूटी सवार बदमाशों ने फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आरोपियों में से एक ने सोशल मीडिया पर धमकी भी दी, जिसमें लिखा गया—“तू मरेगा मेरे हाथों से, याद रखियो, रात में फिर आएंगे।” इस धमकी के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है।पुलिस के अनुसार फायरिंग की यह घटना पुराने पैसों के विवाद से जुड़ी हुई है। शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर ने बताया कि सोशल मीडिया पर दी गई धमकी की भी जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- gwalior-firing-case-gopalanagar-gadaipura-money-dispute-cctv-video-threat-social-media-police-action










