
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। बीते दिनों आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ गया है। खासतौर पर मालवा-निमाड़ क्षेत्र में हालात अधिक गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में तीव्र लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मालवा-निमाड़ में लू का सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। इंदौर, उज्जैन और धार में वॉर्म नाइट की चेतावनी भी जारी की गई है, यानी रात में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, देवास, सीहोर, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ सहित कई जिलों में लू का असर देखने को मिलेगा।
कई शहरों में तापमान 44 डिग्री के पार
गुरुवार को भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर समेत प्रदेश के कई शहरों में तेज गर्मी रहने का अनुमान है। शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर में तापमान 44 डिग्री से ऊपर जा सकता है। बुधवार को खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.4 डिग्री दर्ज किया गया। रतलाम में 45.2 डिग्री और धार में 45 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। उज्जैन 44.7 डिग्री के साथ बड़े शहरों में सबसे गर्म रहा।
कुछ इलाकों में बारिश और ओले
भीषण गर्मी के बीच जबलपुर और सिवनी में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि पांढुर्णा में ओलावृष्टि की खबर सामने आई। कई जिलों में तेज आंधी भी चली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 17 मई तक लू का असर बना रहेगा।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
यह भी पढ़े: देवास की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, तीन श्रमिकों की मौत, कई लोगों के हताहत होने की आशंका
- Severe-heat-wave-wreaks-havoc-in-MP-mercury-crosses-45-degrees-in-many-districts












