
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तीन दिन से लापता एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा का शव गन्ने के खेत में बरामद हुआ है। बीए (BA) की छात्रा तीन दिन पहले कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, जिसके बाद से वह लापता थी। परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों पर अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) और हत्या का सीधा आरोप लगाया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल है।
खेत में मिला शव, परिजनों के गंभीर आरोप – ब्रांणवाणी को जानकारी के अनुसार, छात्रा जब तय समय पर कॉलेज से घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार को ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में छात्रा का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों का आरोप है कि गांव के तीन दबंग युवक पिछले कुछ समय से छात्रा को परेशान कर रहे थे। उन्होंने ही रास्ते से छात्रा का अपहरण किया, उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और पहचान छुपाने के उद्देश्य से उसकी बेरहमी से हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच – घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद तीनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
ये भी पढ़े – लखीमपुर खीरी में अनुदेशकों को बड़ी सौगात, बढ़ा मानदेय खाते में पहुंचा, तालियों से गूंजा कार्यक्रम
- meerut-college-student-dead-body-found-in-sugarcane-field









