
बुरहानपुर | राजू सिंह राठौड़: बुरहानपुर जिले में हाल ही में हुई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद होने के बाद अब मामला राजनीतिक रंग लेने लगा है। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष और पूर्व विधायक रविंद्र महाजन के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि प्राकृतिक आपदा के कारण जिले में केला, मक्का, तरबूज सहित कई रबी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई किसानों की खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बुरहानपुर की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि पर आधारित है और यहां केला तथा मक्का प्रमुख फसलें हैं। ऐसे में फसल नुकसान के बाद किसानों की आजीविका पर संकट गहरा गया है। इसके बावजूद अभी तक प्रभावित किसानों को राहत राशि नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ रही है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि जल्द सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा और राहत राशि दी जाए। साथ ही नागझरी जलाशय परियोजना में अधिग्रहित भूमि के किसानों को लंबित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो आंदोलन किया जाएगा।
किसान मुरलीधर महाजन ने बताया कि फसल पूरी तरह खराब हो चुकी है, लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि खेतों की दोबारा तैयारी के लिए भी पैसे नहीं हैं और यदि राहत नहीं मिली तो किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर होगें।
यह भी पढ़े: मैहर सिविल अस्पताल में स्थाई सिविल सर्जन और CMHO नियुक्ति की मांग तेज
- Burhanpur Congress protests against crop damage due to hailstorm demands compensation for farmers









