
सागर: जिले की नवागत कलेक्टर प्रतिभा पाल से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नई कलेक्टर का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया और जिले में लंबित विकास कार्यों, अवैध शराब कारोबार तथा कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व नगर निगम अध्यक्ष त्रिलोकीनाथ कटारे, कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक, पार्षद ताहिर खान, नीलोफर अंसारी, रिचा सिंह गोंड और चमन अंसारी सहित अन्य नेता शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को सौंपे गए पत्र में शहर की पेयजल समस्या, राजघाट बांध परियोजना, अवैध शराब बिक्री और कमजोर वर्गों के खिलाफ बढ़ते अपराधों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा राजघाट बांध की ऊंचाई बढ़ाने के लिए स्वीकृति और बजट जारी किया गया था, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका। नेताओं ने आशंका जताई कि यदि समय रहते काम शुरू नहीं हुआ तो भविष्य में सागर में गंभीर पेयजल संकट पैदा हो सकता है। इस पर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने संबंधित पुरानी फाइलें निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
कांग्रेस नेताओं ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते अवैध शराब कारोबार पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि शराब माफिया युवाओं को अपराध की ओर धकेल रहे हैं, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। साथ ही महिलाओं, अनुसूचित जाति और कमजोर वर्गों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रशासन जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और लंबित विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए सख्त कदम उठाए।
- congress-delegation-met-sagar-collector-pratibha-pal-raised-city-issues








